राष्ट्रीय
16-Jan-2026


- दिल्ली और आसपास के इलाकों में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का कहर जारी नई दिल्ली (ईएमएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों नोएडा और गाजियाबाद में कड़ाके की ठंड और शीतलहर जारी है। शुक्रवार की सुबह दिल्ली ने इस सर्दी के मौसम की सबसे ठंडी सुबह देखी। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान केवल 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान सामान्य से काफी नीचे रहने के कारण लोगों को सुबह के समय हाड़ कंपाने वाली ठंड का सामना करना पड़ा। सुबह के समय घने कोहरे के कारण दृश्यता कई जगहों पर 50 मीटर से भी कम रह गई। इसके चलते सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी के कारण कई उड़ानें और ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुईं। मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। मौसम ‎विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली और आसपास के इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अलर्ट के अनुसार, ठंड और कोहरे का असर अगले 24 से 48 घंटों तक बना रह सकता है। लोगों को गर्म कपड़े पहनने और सुबह-शाम में बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने बताया कि एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय होने वाला है। इसके प्रभाव से हवाओं की दिशा में बदलाव आएगा और आगामी दिनों में शीतलहर का असर कम होने की संभावना है। इसके चलते तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की उम्मीद है, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है। सतीश मोरे/15जनवरी ---