राष्ट्रीय
16-Jan-2026
...


लुधियाना,(ईएमएस)। मशहूर सिंगर और रैपर यो यो हनी सिंह फिर विवादों में घिर गए हैं। दो दिन पहले दिल्ली में हुए एक कॉन्सर्ट के दौरान उन्होंने स्टेज से ठंड के बहाने अश्लील बातें कीं, जिससे युवाओं को अनुचित व्यवहार के लिए प्रोत्साहित करने का आरोप लगा। इस दौरान फैंस का वीडियो भी वायरल हुआ। इस घटना के बाद पंजाबी सिंगर जसबीर जस्सी ने ट्वीट कर अपनी नाराजगी व्यक्त की। जस्सी ने कहा कि हनी सिंह ने सभी हदें पार कर दी हैं और उनकी माता-पिता व बहन से अपील की कि उन्हें रोकना चाहिए, नहीं तो यह आगे बढ़ सकता है और गलत संदेश जाएगा। विवाद बढ़ने पर हनी सिंह ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। हनी सिंह पहले भी गानों और स्टेज प्रदर्शन में अश्लील डांस और बोल को लेकर विवादों में रह चुके हैं। 2014 से 2018 तक वह म्यूजिक इंडस्ट्री से दूर रहे, जिसे उन्होंने डिप्रेशन, एंग्जाइटी और मानसिक परेशानियों से जोड़कर बताया था। कुछ दिन पहले ही हनी सिंह के एक पुराने गीत को लेकर जालंधर के भाजपा नेता ने डीजीपी को शिकायत दी थी, जिसमें उन्होंने गाने में अश्लीलता और बिकिनी गर्ल्स को लेकर कड़ी आपत्ति जताई थी। यह मामला हनी सिंह के विवादित प्रदर्शन और उनके सामाजिक प्रभाव पर एक बार फिर सवाल खड़ा करता है। हिदायत/ईएमएस 16जनवरी26