राज्य
17-Jan-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली एनसीआर में शनिवार सुबह घने से भी अधिक घना कोहरा रहा। कई स्थानों पर विजिबिलिटी शून्य रही। वहीं अभी भी दिल्ली के कई इलाकों में प्रदूषण खतरनाक स्तर पर बना हुआ है। दिल्ली एनसीआर सहित उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड जारी है। शनिवार सुबह दिल्ली एनसीआर में घना कोहरा रहा। कई स्थानों पर विजिबिलिटी शून्य रही, जिस कारण सड़क पर गाड़ियां रेंगती नजर आई। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है और कुछ जगहों पर शीतलहर की स्थिति का अनुमान लगाया है, जिसमें अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट हो सकती है। शनिवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान करीब 7 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं यूपी के कई हिस्सों में 18 और 19 जनवरी को बारिश की भी संभावना है। आईएमडी ने अगले कुछ दिनों तक नोएडा में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है, जिस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 20 डिग्री सेल्सियस और 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। 18 जनवरी तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में और 19 जनवरी तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में सुबह और रात के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की अधिक संभावना है। वहीं 18 और 19 जनवरी को कुछ हिस्सों में बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। वहीं दिल्ली में अभी लोगों को प्रदूषण से राहत नहीं मिली हैं। अभी भी कई इलाकों में एक्यूआई 300 से अधिक है। अलीपुर में एक्यूआई 350, अशोक विहार में 442, बवाना में 357, चांदनी चौक में 427, द्वारका सेक्शन-8 में 407 रहा। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/17/ जनवरी /2026