नई दिल्ली,(ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्वोत्तर भारत के तीन राज्यों मेघालय, त्रिपुरा और मणिपुर—के स्थापना दिवस के मौके पर राज्य के नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर उन्होंने इन राज्यों की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य, वीरता और विकास में योगदान की सराहना कर संबंधित संवैधानिक प्रमुखों और मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखे। इन पत्रों को राज्यों के नेताओं ने एक्स’ पर साझा कर प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। पीएम मोदी ने मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा को लिखे पत्र में राज्य की प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि खासी, गारो और जैंतिया समुदायों की परंपराएं मेघालय को विशिष्ट पहचान देती हैं। साथ ही, उन्होंने मेघालय के लोगों की प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में किए गए प्रयासों की सराहना की। प्रधानमंत्री ने वर्ष 2016 में शिलांग की अपनी यात्रा और स्वर्गीय पीए संगमा के नेतृत्व में राज्य की प्रगति को भी याद किया। वहीं त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा को भेजे पत्र में पीएम मोदी ने राज्य की सांस्कृतिक समृद्धि और वहां के लोगों की ऊर्जा की प्रशंसा की। उन्होंने 2025 में नवरात्रि के दौरान माता त्रिपुर सुंदरी मंदिर में दर्शन और विकास कार्यों के निरीक्षण का उल्लेख किया। साथ ही, त्रिपुरा में आर्थिक सुधारों, बढ़ते निवेश और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों की भी प्रशंसा की। मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला को संबोधित पत्र में प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य की कला, संस्कृति और खेल परंपरा को देश के लिए गौरवपूर्ण बताया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में मणिपुर के योगदान, विशेष रूप से नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वारा तिरंगा फहराए जाने की ऐतिहासिक घटना को स्मरण किया। प्रधानमंत्री ने मणिपुर के वीरों के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनकी कुर्बानियां सदैव देश को प्रेरणा देती रहेंगी। आशीष दुबे / 21 जनवरी 2026