राष्ट्रीय
27-Jan-2026
...


वन मंत्री गणेश नाइक की टिप्पणी के बाद मचा कोहराम मुंबई (ईएमएस) भारतीय जनता पार्टी के नेता और महाराष्ट्र के वन मंत्री गणेश नाइक की टिप्पणी के बाद राज्य में सियासी बवाल हो गया है। महाराष्ट्र सरकार में वनमंत्री उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को कथित तौर पर निशाना बनाकर कहा था कि हम उनका अस्तित्व खत्म कर सकते हैं। शिवसेना के मंत्रियों ने नाइक के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देकर ‘उचित जवाब’ देने की चेतावनी दी। नाइक ने कहा कि अगर भाजपा अनुमति देती है, तब हम उनका अस्तित्व खत्म कर सकते हैं। यह उनके लंबे समय के विरोधी रहे शिंदे की ओर एक अप्रत्यक्ष इशारा था। वनमंत्री नाइक के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देकर शिवसेना नेता और राज्य के सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट ने कहा कि भाजपा आज सत्ता में सिर्फ इसलिए है, क्योंकि शिंदे ने 2022 में अविभाजित शिवसेना के नेतृत्व के खिलाफ विद्रोह किया था। शिंदे गुट के नेता शिरसाट ने छत्रपति संभाजीनगर में नाइक को निशाना बनाकर कहा, कौन शिंदे को खत्म करने की बात कर रहा है? वह (शिंदे) नवी मुंबई की पहाड़ियां या रेत नहीं हैं, जिन्हें खत्म कर सके। हम वहा लोग हैं, जो साहस के साथ खड़े हैं। शिंदे को कम नहीं आंका जा सकता। उन्होंने कहा, हमारी कुर्बानियों की बदौलत ही आज भाजपा सत्ता में है। हम इसतरह के बयानों को कभी सहन नहीं करने वाले हैं, कि एक ओर हमें महायुति धर्म का पालन करने को कहा जाए, वहीं दूसरी तरफ भाजपा नेता इसतरह के बयान दें। मैं इस बयान पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बात करूंगा। मंत्री ने नाइक का जिक्र कर कहा, अगर वह इतने शक्तिशाली हैं, तब उन्हें देवेंद्र फडणवीस से बात करनी चाहिए। महायुति गठबंधन में भाजपा, शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) शामिल हैं। शिवसेना नेता एवं पर्यटन मंत्री शिंदे के करीबी विश्वासपात्र - शंभूराज देसाई ने सतारा में कहा, अगर हमारी पार्टी अनुमति देती है, तब हमारा रुख वही रहेगा। जब उनकी पार्टी कोई रुख अपनाएगी, तब हम भी उचित जवाब देने को तैयार है, परिवहन मंत्री एवं शिवसेना नेता प्रताप सरनाइक ने भी कहा कि शिंदे, नाइक की टिप्पणियों का जवाब देने में सक्षम हैं। अविभाजित ठाणे जिले के पूर्व संरक्षक मंत्री नाइक और शिंदे पुराने प्रतिद्वंद्वी हैं। नवी मुंबई लंबे समय से नाइक का गढ़ रहा है और ढाई दशकों से अधिक समय तक नगर निकाय पर उनका नियंत्रण रहा। नाइक वर्तमान में पालघर जिले के संरक्षक मंत्री हैं औ जिले को ठाणे से अलग करके बनाया गया है, यह क्षेत्र शिंदे का राजनीतिक गढ़ बना हुआ है। हाल ही में सीट बंटवारे की बातचीत विफल होने के बाद शिवसेना और भाजपा ने नवी मुंबई महानगर पालिका (एनएमएमसी) के चुनाव अलग-अलग लड़े। आशीष दुबे / 27 जनवरी 2026