खेल
01-Feb-2026
...


- एक टेस्ट सीरीज में 5 शतकों का अटूट रिकॉर्ड नई दिल्ली। क्रिकेट इतिहास में सर डॉन ब्रैडमैन को सर्वकालिक महान बल्लेबाज माना जाता है। उनके नाम ऐसे कई रिकॉर्ड दर्ज हैं, जो दशकों से कायम हैं और जिन्हें तोड़ना तो दूर, उनकी बराबरी करना भी बेहद मुश्किल रहा है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ब्रैडमैन ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगाकर अपने शानदार करियर को अमर बना दिया, लेकिन एक खास मामले में वेस्टइंडीज का एक दिग्गज बल्लेबाज ब्रैडमैन से भी आगे निकल गया। यह खिलाड़ी कोई और नहीं, बल्कि क्लाइड वालकॉट हैं, जिनके नाम एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा पांच शतक लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज है, जिसे आज तक कोई नहीं तोड़ सका है। यह ऐतिहासिक कारनामा ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच खेली गई टेस्ट सीरीज में देखने को मिला था, जब कंगारू टीम पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए वेस्टइंडीज दौरे पर आई थी। भले ही उस सीरीज में वेस्टइंडीज को एक भी जीत नसीब नहीं हुई, लेकिन क्लाइड वालकॉट की बल्लेबाजी ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। वालकॉट ने इस सीरीज के पांच टेस्ट मैचों में कुल 827 रन बनाए और इस दौरान उनके बल्ले से पांच शतक निकले। इसी के साथ उन्होंने एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा शतक लगाने का ऐसा रिकॉर्ड बनाया, जो आज भी अटूट है। इससे पहले यह उपलब्धि डॉन ब्रैडमैन के नाम थी। ब्रैडमैन ने 1930 में इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में चार शतक लगाए थे। उस सीरीज में ब्रैडमैन ने कुल 964 रन बनाए थे, जो आज भी एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रनों का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। हालांकि, शतकों के मामले में वालकॉट ने ब्रैडमैन को पीछे छोड़ दिया और इतिहास रच दिया। वालकॉट के इस रिकॉर्ड की बराबरी करने के बेहद करीब कई महान बल्लेबाज पहुंचे, लेकिन कोई भी पांच शतक नहीं लगा सका। इस सूची में भारत के सुनील गावस्कर और विराट कोहली, ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ और पाकिस्तान के मोहम्मद यूसुफ जैसे दिग्गज शामिल हैं, जिन्होंने एक टेस्ट सीरीज में चार-चार शतक जड़े। मौजूदा भारतीय कप्तान शुभमन गिल भी पिछले साल इंग्लैंड दौरे पर एक टेस्ट सीरीज में चार शतक लगाने का कारनामा कर चुके हैं, लेकिन वालकॉट का रिकॉर्ड अब भी सबसे ऊपर है। क्लाइड वालकॉट के करियर पर नजर डालें तो उन्होंने 44 टेस्ट मैचों में 3798 रन बनाए। उनके नाम 15 शतक और 14 अर्धशतक दर्ज हैं, जबकि उनका सर्वोच्च स्कोर 220 रन रहा। टेस्ट क्रिकेट में उनका औसत 56 से अधिक का रहा, जो उनकी निरंतरता और क्लास को दर्शाता है। विकेटकीपर के तौर पर भी उन्होंने 53 कैच और 11 स्टंपिंग कीं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में वालकॉट ने 146 मैचों में 11 हजार से ज्यादा रन बनाए, जिसमें 40 शतक शामिल हैं। यही वजह है कि वह क्रिकेट इतिहास के सबसे महान बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। डेविड/ईएमएस 01 फरवरी 2026