वाशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा कुख्यात फाइनेंसर जेफ्री एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों और तस्वीरों को सार्वजनिक किए जाने के बाद एक बार फिर वैश्विक स्तर पर हड़कंप मच गया है। इन नए खुलासों ने ब्रिटेन के किंग चार्ल्स-3 के भाई एंड्रयू अल्बर्ट क्रिस्टीयन एडवर्ड माउंटबेटन-विंडसर को फिर से गंभीर विवादों के घेरे में खड़ा कर दिया है। जारी की गई तस्वीरों में एंड्रयू एक ऐसी स्थिति में नजर आ रहे हैं, जो उनके दावों और शाही मर्यादा पर बड़े सवालिया निशान लगाती है। सामने आई तस्वीरों में एंड्रयू एक लड़की के ऊपर झुके हुए दिखाई दे रहे हैं, जो फर्श पर लेटी हुई है। इन दृश्यों में वह कैजुअल कपड़ों—जींस और सफेद पोलो टी-शर्ट—में नंगे पैर नजर आ रहे हैं। एक विशेष तस्वीर में उनका हाथ लड़की के पेट पर देखा जा सकता है, जबकि दूसरी तस्वीर में वह सीधे कैमरे की ओर देख रहे हैं। हालांकि, प्रशासन द्वारा अब तक इन तस्वीरों में दिख रही लड़की की पहचान उजागर नहीं की गई है और न ही यह स्पष्ट हो सका है कि ये तस्वीरें किस समय और किस स्थान पर खींची गई थीं। यह सामग्री उन 30 लाख से अधिक पन्नों, हजारों वीडियो और लाखों तस्वीरों का हिस्सा है, जिन्हें एपस्टीन फाइल्स ट्रांसपेरेंसी एक्ट के तहत जारी किया गया है। यह कानून पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मंजूरी के बाद अस्तित्व में आया था, जिसका उद्देश्य जेफ्री एपस्टीन और उसकी मुख्य सहयोगी गिस्लेन मैक्सवेल से संबंधित सभी गैर-गोपनीय दस्तावेजों को जनता के सामने लाना है। गौरतलब है कि जेफ्री एपस्टीन की अगस्त 2019 में न्यूयॉर्क की एक जेल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। नए खुलासे केवल तस्वीरों तक सीमित नहीं हैं; ईमेल रिकॉर्ड से यह भी पता चला है कि साल 2010 में एपस्टीन ने एंड्रयू को एक 26 वर्षीय रूसी महिला से मिलवाने की योजना बनाई थी। दस्तावेजों के अनुसार, इन दोनों के बीच बकिंघम पैलेस में डिनर आयोजित करने पर भी चर्चा हुई थी, हालांकि यह अभी तक प्रमाणित नहीं हो पाया है कि वह मुलाकात वास्तव में हुई थी या नहीं। जेफ्री एपस्टीन एक प्रभावशाली अमेरिकी फाइनेंसर था, जिसका नाम दुनिया के सबसे घिनौने सेक्स ट्रैफिकिंग नेटवर्क के संचालन में सामने आया। उस पर नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण और तस्करी के गंभीर आरोप थे। एपस्टीन के तार दुनिया के सबसे शक्तिशाली राजनेताओं, व्यापारिक दिग्गजों और शाही हस्तियों से जुड़े हुए थे। उसकी सहयोगी गिस्लेन मैक्सवेल, जो एक ब्रिटिश सोशलाइट रही है, वर्तमान में सेक्स ट्रैफिकिंग के अपराध में लंबी जेल की सजा काट रही है। मैक्सवेल पर आरोप था कि वह नाबालिग लड़कियों को फुसलाकर एपस्टीन के शोषण नेटवर्क का हिस्सा बनाती थी। इन ताजा खुलासों ने एंड्रयू के लिए कानूनी और सामाजिक चुनौतियां बढ़ा दी हैं। ज्ञात हो कि पिछले साल ही उन्हें उनके सैन्य सम्मानों और शाही संरक्षणों से वंचित कर दिया गया था। अब वह आधिकारिक तौर पर खुद को ‘प्रिंस’ या ‘ड्यूक ऑफ यॉर्क’ जैसे शीर्षकों से संबोधित नहीं कर सकते। शाही परिवार से बेदखल किए जाने के बाद भी एपस्टीन के साथ उनके रिश्तों की परछाईं उनका पीछा नहीं छोड़ रही है। अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ मान रहे हैं कि ये दस्तावेज केवल शुरुआत हैं और आने वाले समय में सत्ता, पैसे और अपराध के इस गठजोड़ से कई और प्रभावशाली चेहरों के नकाब उतर सकते हैं। वीरेंद्र/ईएमएस/01फरवरी2026