रुस से तेल खरीदी का सबसे बड़ा खरीदार है चीन, तुर्किये दूसरे तो भारत तीसरे नंबर पर मॉस्को,(ईएमएस)। रूस ने कहा है कि भारत सरकार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है, जिसमें यह कहा गया हो कि भारत रूस से तेल की खरीद बंद करने जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि रूस, भारत को लेकर ट्रम्प की टिप्पणियों का विश्लेषण कर रहा है। जब उनसे सीधे पूछा गया कि क्या भारत ने रूस से तेल खरीदना बंद करने का फैसला कर लिया है, तो उन्होंने कहा कि अब तक भारत की तरफ से इस मुद्दे पर कोई बयान नहीं आया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पेस्कोव का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने सोमवार को कहा था कि भारत ने अमेरिका के साथ हुए ट्रेड डील के तहत रूस से तेल खरीदना रोकने पर सहमति जताई है। ट्रम्प ने घोषणा की थी कि अमेरिका और भारत के बीच एक व्यापार समझौता हुआ है। इसके तहत अमेरिका ने भारतीय सामान पर लगने वाला टैरिफ 50फीसदी से घटाकर 18फीसदी करने पर सहमति दी है। इसके बदले में ट्रम्प का दावा है कि भारत, रूस से तेल खरीदना बंद करेगा और व्यापार से जुड़ी रुकावटें भी कम करेगा। भारत ने उनकी इस घोषणा पर न तो स्वीकार किया है और न ही खारिज किया है। बता दें फरवरी 2022 में रूस ने यूक्रेन पर सैन्य हमला किया था। इसके बाद दोनों देशों के बीच युद्ध शुरू हो गया, जो अब तक जारी है। इस युद्ध के कारण रूस पर अमेरिका और यूरोपीय देशों ने कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगा दिए, खासकर उसके तेल और गैस सेक्टर पर। इसी दौरान भारत ने रूस से रियायती दरों पर तेल खरीदना शुरू किया। दिसंबर 2025 में भारत रूस से तेल खरीदने में तीसरे नंबर पर आ गया। तुर्किये दूसरा सबसे बड़ा खरीदार बन गया। भारत ने दिसंबर में रूस से 2.3 बिलियन यूरो यानी लगभग 23,000 करोड़ रुपए का तेल खरीदा। चीन अब भी रुस से तेल खरीदी का सबसे बड़ा खरीदार बना हुआ है, उसने दिसंबर में रूस से 6 बिलियन यूरो यानी करीब 63,100 करोड़ रुपए का तेल खरीदा था। भारत की खरीद कम होने की सबसे बड़ी वजह रिलायंस इंडस्ट्रीज रही। रिलायंस की जामनगर रिफाइनरी ने रूस से तेल खरीद करीब आधी कर दी। अमेरिका के प्रतिबंधों के डर से अब कंपनियां रूस से तेल कम खरीद रही हैं। रिलायंस के अलावा सरकारी तेल कंपनियों ने भी दिसंबर में रूस से तेल खरीद करीब 15फीसदी घटा दी है। सिराज/ईएमएस 04फरवरी26 -----------------------------------