04-Feb-2026
...


-लोसी दिखो और नेमचा किपगेन ने ली उपमुख्यमंत्री पद की शपथ इंफाल,(ईएमएस)। मणिपुर को करीब एक साल बाद पूर्णकालिक सरकार मिल गई है। भाजपा नेता युमनाम खेमचंद सिंह ने बुधवार को मणिपुर के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने इंफाल स्थित लोकभवन में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही राज्य में 356 दिन से लागू राष्ट्रपति शासन समाप्त हो गया और एक बार फिर एनडीए की सरकार का गठन हुआ। मैतेई समुदाय से आने वाले युमनाम खेमचंद सिंह पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के करीबी माने जाते हैं और संगठन में उनकी मजबूत पकड़ रही है। मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालते ही उनके सामने राज्य में शांति बहाल करने और जातीय तनाव को कम करने की बड़ी चुनौती होगी। नई सरकार में सामाजिक संतुलन साधने पर विशेष जोर दिया गया है। नगा समुदाय से आने वाले लोसी दिखो को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई गई। वे नगा पीपुल्स फ्रंट के विधायक हैं और पहाड़ी इलाकों में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। वहीं, कुकी समुदाय से ताल्लुक रखने वाली नेमचा किपगेन ने भी उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उन्होंने दिल्ली स्थित मणिपुर भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए शपथ ली। नेमचा किपगेन मणिपुर की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बनी हैं, जिसे राज्य की राजनीति में एक अहम कदम माना जा रहा है। गौरतलब है कि मणिपुर में मैतेई और कुकी समुदायों के बीच लंबे समय से चल रही जातीय हिंसा के चलते राजनीतिक अस्थिरता पैदा हो गई थी। इसी के बाद 9 फरवरी 2025 को तत्कालीन मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। हालात को देखते हुए चार दिन बाद, 13 फरवरी 2025 से राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया गया था। अब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राष्ट्रपति शासन हटाए जाने के बाद नई सरकार ने शपथ ग्रहण की है। राज्य के गृह मंत्री पद को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। सूत्रों के मुताबिक, कोंथौजम गोविंदास सिंह का नाम इस अहम जिम्मेदारी के लिए सामने आ रहा है, हालांकि इस पर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। राजनीतिक घटनाक्रम की बात करें तो 3 फरवरी को दिल्ली में मणिपुर भाजपा विधायक दल की बैठक हुई थी, जिसमें युमनाम खेमचंद सिंह को विधायक दल का नेता चुना गया। इसके अगले दिन, 4 फरवरी को एनडीए के घटक दलों की बैठक में मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों के नामों पर अंतिम मुहर लगी। हिदायत/ईएमएस 04फरवरी26