05-Feb-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। भोजपुरी फिल्मों के अभिनेता और राजनेता दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ अपना 46वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रहे हैं। आज निरहुआ की आवाज और उनके अंदाज के आज करोड़ों दीवाने हैं। भोजपुरी सुपरस्टार और राजनेता दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ सिनेमा जगत में आना ही नहीं चाहते थे। निरहुआ का सपना था फौज में जाकर देश की सेवा करना। उनके पिता कोलकाता में छोटी-मोटी नौकरी करते थे और उनका सपना था कि वो वर्दी पहनकर देश की सेवा करे। इसी सपने को पूरा करने के लिए निरहुआ ने स्कूल में ही एनसीसी ज्वाइन कर ली थी। निरहुआ एनसीसी के दिनों में बहुत डिसिप्लिन्ड और डेडिकेटेड कैडेट हुआ करते थे। उन्होंने कठिन ड्रिल सीखी और फौज में जाने की तैयारी भी करते रहे। निरहुआ कई इंटरव्यूज में यह बात कह चुके हैं कि फिल्मों में जब वह एक्शन करते हैं या घंटों तक शूटिंग करते हैं, तो उसकी ताकत उन्हें एनसीसी की ट्रेनिंग से ही मिली है। हालांकि बावजूद इतनी तैयारी के वह भारतीय सेना का हिस्सा नहीं बन सके। लेकिन फौज वाला अनुशासन उनके खून में ऐसा बसा कि आज भी वह सेट पर सबसे पंक्चुअल एक्टर माने जाते हैं। लेकिन उनके इस डिसिप्लिन को दुनिया ने तब पहचाना जब निरहुआ सलमान खान होस्टेड रियलिटी टीवी शो बिग बॉस का हिस्सा बने। लोगों को लगा कि बाकी खिलाड़ियों की तरह निरहुआ भी शो में जमकर हंगामा करेंगे, लेकिन वह इस सीजन के सबसे शांत और शालीन कंटेस्टेंट बनकर उभरे। खुद सलमान खान ने उनकी तारीफ करते हुए कहा था कि इतनी शोहरत के बाद भी कोई इतना डाउन टू अर्थ कैसे हो सकता है। निरहुआ सुबह-सुबह उठकर रियाज करते थे। उन्होंने वहां कभी किसी को अपशब्द नहीं कहे और न ही कभी आपा खोया। निरहुआ नाम भी उन्हें इतनी आसानी से नहीं मिला था। यह टाइटल उन्हें साल 2003 में आई फिल्म निरहुआ सटल रहे से मिला था। निरहुआ जब इस एल्बम की रिकॉर्डिंग कर रहे थे तब उनके लिए सबसे मुश्किल वक्त था। वह बताते हैं कि तब उनके पास साइकिल तक नहीं थी और उन्हें इस एल्बम की रिकॉर्डिंग के लिए मीलों पैदल चलना पड़ा था। आज वह जिस निरहुआ नाम से करोड़ों कमाते हैं, वह असल में उनके एक पुराने किरदार का नाम था। सुदामा/ईएमएस 05 फरवरी 2026