संदीपा धर एक बार फिर यह साबित कर रही हैं कि वह सिर्फ़ एक बेहतरीन अभिनेत्री ही नहीं, बल्कि डांस की दुनिया में भी कमाल का जलवा बिखेरती हैं। हीरोपंती और छत्तीस और मैना जैसे प्रोजेक्ट्स में अपनी अदाकारी से दर्शकों का दिल जीत चुकी संदीपा सोशल मीडिया पर अपनी डांस वीडियो की वजह से भी खूब छाई रहती हैं। भरतनाट्यम, जैज़ और कंटेम्पररी डांस में ट्रेनिंग हासिल कर चुकी संदीपा की खासियत उनकी परफेक्ट टेक्नीक और उसमें पिरोए भावनात्मक अभिव्यक्ति है। किसी किरदार के लिए कम समय में नए डांस फॉर्म सीखना हो या इंस्टाग्राम पर वायरल होने वाले रील्स बनाना, संदीपा हर बार अपनी प्रतिभा से प्रभावित करती हैं। दर्शन रावल के म्यूज़िक वीडियो नफ़रत में उनका कंटेम्पररी डांस दिल टूटने के दर्द को बेहद असरदार तरीके से दर्शाता है। वहीं सफ़ेद साड़ी में किए उनके क्लासिक बॉलीवुड स्टाइल डांस मूव्स उनकी बहुमुखी प्रतिभा का सबूत हैं। शार्प फुटवर्क, बेहतरीन एक्सप्रेशन और रिदम की पकड़ उन्हें इंटरनेट की डांस क्वीन बनाते हैं। संदीपा इस बात की मिसाल हैं कि डायलॉग जहाँ कहानी कहते हैं, वहीं डांस दिल की बात को आवाज़ देता है। रणवीर ने शेयर किया ‘धुरंधर 2’ पोस्टर आदित्य धर के निर्देशन में बनी ब्लॉकबस्टर फिल्म धुरंधर के सीक्वल धुरंधर 2 को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। इसी बीच रणवीर सिंह ने फिल्म का नया पोस्टर जारी कर फैंस का रोमांच और बढ़ा दिया है। पोस्टर में रणवीर अपने नए, तीखे और इंटेंस लुक में दिखाई दे रहे हैं, जो फिल्म की रिवेंज-थीम को बखूबी दर्शाता है। अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, “अब बिगाड़ने का समय आ गया…”, जिससे साफ है कि इस बार एक्शन और ड्रामा का स्तर पहले से कहीं ज्यादा ऊंचा होने वाला है। निर्देशक आदित्य धर, जो उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक जैसी सुपरहिट फिल्म के लिए जाने जाते हैं, एक बार फिर दर्शकों को हाई-ऑक्टेन एक्शन का अनुभव देने की तैयारी में हैं। फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा सारा अर्जुन, अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और राकेश बेदी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 19 मार्च को दुनियाभर के सिनेमाघरों में हिंदी के साथ तमिल, तेलुगू, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में भी रिलीज की जाएगी, जिससे यह नॉर्थ और साउथ दोनों दर्शक वर्गों के लिए खास बनने वाली है। गौरतलब है कि धुरंधर ने बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड कायम करते हुए 800 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की थी। आवेज और मालती का वीडियो वायरल बिग बॉस 19 का सफर भले ही खत्म हो चुका हो, लेकिन शो के कंटेस्टेंट्स की मस्ती और दोस्ती अब भी बरकरार है। शो के बाद भी प्रतिभागी एक-दूसरे से मिलते हैं और साथ में समय बिताते हुए अपने पलों को सोशल मीडिया पर साझा करते रहते हैं। इसी कड़ी में आवेज दरबार ने हाल ही में एक मजेदार वीडियो शेयर किया, जिसने फैंस को चौंका दिया। आवेज ने इंस्टाग्राम पर मालती चाहर के साथ एक डांस वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें दोनों 2007 की फिल्म वेलकम के लोकप्रिय गाने ऊंचा लंबा कद पर शानदार अंदाज में डांस करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में दोनों के डांस मूव्स, एनर्जी और एक्सप्रेशंस देखने लायक हैं। खास बात यह है कि आवेज और मालती मैचिंग आउटफिट में दिखाई दे रहे हैं, जिससे वीडियो और भी आकर्षक लग रहा है। वीडियो शेयर करते हुए आवेज ने कैप्शन में लिखा, “अरे सोनिए, तुम तो कमाल हो। आखिर तक देखो क्यों।” उनके इस पोस्ट पर दोस्त और बिग बॉस 19 के को-कंटेस्टेंट्स ने कमेंट्स में ढेरों प्रतिक्रियाएं दीं। अभिषेक बजाज ने लिखा, “क्या बात,” जबकि आवेज की बहन और कंटेंट क्रिएटर आमना ने हार्ट इमोजी के साथ अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। फैंस ने भी हार्ट और फायर इमोजी की बरसात कर दी। शो के दौरान मालती चाहर और आवेज दरबार की दोस्ती और सकारात्मक बॉन्डिंग काफी पसंद की गई थी। सोहा अली खान परिवार संग जापान में शाही परिवार से ताल्लुक रखने वाली अभिनेत्री सोहा अली खान ने हाल ही में पति कुणाल खेमू और बेटी इनाया नओमी के साथ जापान की यादगार यात्रा की। सोहा ने इंस्टाग्राम पर इस ट्रिप की खूबसूरत झलकियां साझा कीं, जिनमें परिवार के साथ बिताए खुशनुमा पल साफ दिखाई दे रहे हैं। पोस्ट की शुरुआत में सोहा और कुणाल मनमोहक लोकेशन के सामने रोमांटिक अंदाज में पोज देते नजर आते हैं। आगे की तस्वीरों में पूरा परिवार जापान की सड़कों पर टहलते, स्थानीय जगहों को एक्सप्लोर करते और वहां के व्यंजनों का लुत्फ उठाते हुए दिख रहा है। सोहा ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, “मिसो सूप… खुश हूं कि हम जापान गए।” मिसो सूप जापान का पारंपरिक, हल्का और पौष्टिक सूप है, जिसे मिसो पेस्ट, दाशी स्टॉक, टोफू, वाकामे सीवीड और हरी प्याज से तैयार किया जाता है। 10–15 मिनट में बनने वाले इस उमामी स्वाद वाले सूप का आनंद आमतौर पर मुख्य भोजन के साथ लिया जाता है। सोहा की तस्वीरों से साफ झलकता है कि उन्होंने जापानी संस्कृति, भोजन और प्राकृतिक सुंदरता को पूरी तरह एंजॉय किया। डेविड/ईएमएस 05 फरवरी 2026