नई दिल्ली (ईएमएस)। स्वदेशी कंपनी टाटा मोटर्स नए साल में चार नई इलेक्ट्रिक कारें लॉन्च करने जा रही है, जिनमें मौजूदा मॉडलों के फेसलिफ्ट वर्जन और बिल्कुल नए इलेक्ट्रिक वाहन शामिल हैं। कंपनी भारतीय इलेक्ट्रिक वाहन बाजार में अपनी पकड़ को और मजबूत करने की तैयारी में है। टाटा का लक्ष्य हुंडई और महिंद्रा जैसी कंपनियों को कड़ी चुनौती देते हुए ईवी सेगमेंट में अपनी लीड को बरकरार रखना है। कंपनी की सबसे पहली अपकमिंग इलेक्ट्रिक कार है पंच ईवी, जो 20 फरवरी 2026 को अपडेटेड रूप में लॉन्च होगी। इस एंट्री-लेवल इलेक्ट्रिक एसयूवी में नया फ्रंट ग्रिल, कनेक्टेड एलईडी डीआरएल और नए अलॉय व्हील्स मिलने की उम्मीद है। इसमें 45 केडब्ल्यूएच बैटरी के साथ 120 बीएचपी की पावर और 190 एनएम टॉर्क दिया जा सकता है, जिससे इसकी परफॉर्मेंस और रेंज दोनों बेहतर होंगे। दूसरी कार टियागो ईवी फेसलिफ्ट है, जिसके मई 2026 में आने की संभावना है। इसमें नया फ्रंट डिजाइन, अपडेटेड टेल लैंप्स और बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया जा सकता है। टियागो ईवी के दोनें बैटरी विकल्प 19.2 केडब्ल्यूएच और 24 केडब्ल्यूएच जारी रहने की उम्मीद है, जिससे यह ग्राहकों के लिए एक किफायती और प्रैक्टिकल विकल्प बन सकती है। तीसरी कार टाटा सिएरा ईवी है, जो इस साल के फेस्टिव सीजन में लॉन्च हो सकती है। इसका डिजाइन आईसीई वर्जन जैसा ही रहेगा लेकिन इसमें क्लोज्ड ग्रिल, एयरोडायनामिक अलॉय और इलेक्ट्रिक-विशेष स्टाइलिंग एलिमेंट जोड़े जाएंगे। इसके इंटीरियर में ट्रिपल स्क्रीन सेटअप और पावर-एडजस्टेबल सीटें जैसी प्रीमियम सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। इसके 65 केडब्ल्यूएच और 75 केडब्ल्यूएच बैटरी पैक वेरिएंट उपलब्ध हो सकते हैं। सबसे प्रीमियम मॉडल अविन्या है, जिसे साल के अंत तक लॉन्च किए जाने की संभावना है। सुदामा/ईएमएस 10 फरवरी 2026