नई दिल्ली (ईएमएस)। भारत में कार निर्माता कंपनी फेरारी अपनी नई एंट्री-लेवल सुपरकार फेरारी अमालफी जल्द लॉन्च करने जा रही है। फेरारी ने आधिकारिक रूप से पुष्टि कर दी है कि भारत में इसका एक्स-शोरूम प्राइस 5.59 करोड़ रुपये होगा। दमदार परफॉर्मेंस वाली यह कार ट्विन-टर्बो वी 8 इंजन से लैस है, जो 631 हॉर्सपावर जेनरेट करती है। यह सिर्फ 3.3 सेकेंड में 0 से 100 किमी/घंटा और मात्र 9 सेकेंड में 0 से 200 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ने में सक्षम है। फेरारी अमालफी को ट्रेडिशनल फेरारी डिजाइन के साथ मॉडर्न टच देते हुए तैयार किया गया है। इसके फ्रंट में पारंपरिक ग्रिल की जगह बॉडी-कलर्ड फ्लोटिंग विंग दिया गया है, जो इसे भविष्यवादी लुक देता है। इसके साथ स्लीक इंटीग्रेटेड हेडलैंप्स और फ्रंट सेंसर वाहन को और प्रीमियम बनाते हैं। लोअर स्प्लिटर कार की चौड़ाई और स्पोर्टीनेस को बढ़ाता है। पीछे की ओर कंपनी ने स्ट्राइकिंग शोल्डर लाइन और मिनिमलिस्टिक टेललाइट डिजाइन दिया है, जबकि ब्रॉड डिफ्यूज़र कार के ऐरोडायनामिक्स को बेहतर बनाता है। इंटीरियर की बात करें तो अमालफी को पूरी तरह नया और शानदार केबिन मिला है। यह फेरारी रोमा का अपडेटेड और ज्यादा प्रीमियम वर्जन कहा जा रहा है। डैशबोर्ड को बोल्ड मोनोलिथिक डिजाइन में तैयार किया गया है, जिसमें फ्लोइंग इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और स्टाइलिश एयर वेंट्स शामिल हैं। सेंटर कंसोल ऐनोडाइज्ड ऐल्युमिनियम का बनाया गया है, जिसमें गियर सेलेक्टर, की स्लॉट, वायरलेस चार्जिंग पैड और कई सेकेंडरी कंट्रोल मौजूद हैं। सुपरकार में ऑप्शनल कंफर्ट सीट्स दी गई हैं, जो तीन साइज में उपलब्ध हैं और इनमें वेंटिलेशन, मसाज और पांच कस्टमाइज्ड प्रोग्राम के विकल्प मौजूद हैं। साथ ही, ऑडियो प्रेमियों के लिए 1,200 वॉट वाला 14-स्पीकर बर्मेस्टर साउंड सिस्टम भी ऑफर किया गया है। फेरारी अमालफी में लगा ट्विन-टर्बो वी8 इंजन 8-स्पीड ड्यूल-क्लच ट्रांसमिशन से जुड़ा है, जो इसे बेहद स्मूद और तेज ड्राइविंग अनुभव देता है। सुदामा/ईएमएस 10 फरवरी 2026