- शैक्षणिक व खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी सम्मानित बिलासपुर (ईएमएस)। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय सेजेस पंधी में शैक्षणिक, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य संजय शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए की। उन्होंने कहा कि जीत के साथ-साथ हार भी जीवन का अहम हिस्सा है, इसलिए हार से निराश न होकर निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। पुरस्कार वितरण के दौरान उच्चतर माध्यमिक शाला की दौड़ प्रतियोगिता में बालक वर्ग से योगेश और बालिका वर्ग से प्रतिभा केवट को प्रथम स्थान पर पुरस्कृत किया गया। शतरंज, लंबी कूद, बैडमिंटन, विज्ञान प्रदर्शनी और सांस्कृतिक नृत्य प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरस्कार प्राप्त किए। शिक्षक और विद्यार्थियों की रही सहभागिता पूर्व माध्यमिक एवं प्राथमिक शाला के विद्यार्थियों को भी विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता और उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता प्रीति पांडेय ने किया तथा आभार प्रदर्शन अर्चना देवांगन ने किया। समारोह में शिक्षक-शिक्षिकाओं, जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाना और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना रहा। मनोज राज 10 फरवरी 2026