बिलासपुर (ईएमएस)। मूर्ति भगवान श्री वेंकटेश ट्रस्ट द्वारा संचालित धर्मार्थ चिकित्सालय की प्रथम वर्षगांठ पर सुभाष चौक सरकंडा स्थित श्री वेंकटेश परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दैवी संपद मंडल के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी हरिहरानंद महाराज ने कहा कि ट्रस्ट का सेवा कार्य वास्तव में दिव्य है। महंगे इलाज के इस दौर में प्रत्येक रविवार को नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सराहनीय है। उन्होंने सेवा में लगे चिकित्सकों को बधाई देते हुए इसे और व्यापक स्तर पर करने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि संभाग आयुक्त सुनील जैन ने कहा कि सेवा कार्य कभी व्यर्थ नहीं जाता, वह किसी न किसी रूप में लौटकर आता है। वहीं एसएसपी रजनेश सिंह ने गीता के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि मानव सेवा ही ईश्वर सेवा है और सेवा पुण्य के रूप में संचित होती है। ट्रस्ट अध्यक्ष जुगल जाजोदिया ने बताया कि प्रारंभ में जहां ओपीडी में 10 मरीज आते थे, अब यह संख्या 88 से अधिक हो गई है। कार्यक्रम में नि:शुल्क सेवा देने वाले चिकित्सकों व नर्सिंग स्टाफ का सम्मान किया गया। इस अवसर पर ट्रस्टीगण व अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अरविंद दीक्षित ने तथा आभार प्रदर्शन दीपक मोदी ने किया।