बिलासपुर (ईएमएस)। महाराष्ट्र मंडल के तत्वावधान में संत श्री गजानन महाराज के पावन प्रकट दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित पांच दिवसीय धार्मिक महोत्सव का श्रद्धामय समापन किया गया। समापन अवसर पर सामूहिक सुंदरकांड का भावपूर्ण पठन हुआ, जिसके उपरांत गोपालकला का वितरण कर श्रद्धालुओं को प्रसाद ग्रहण कराया गया।महोत्सव में बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं एवं युवा श्रद्धालु उपस्थित रहे। दूर-दराज क्षेत्रों से भी भक्तजन इस आयोजन में शामिल होने पहुंचे। 250 से अधिक महिलाओं की सहभागिता से सजी भक्ति की अनुपम छटा इस पांच दिवसीय उत्सव में महिलाओं की विशेष भागीदारी देखने को मिली। आयोजन के दौरान 250 से अधिक महिलाएं नियमित रूप से कार्यक्रम में शामिल हुईं और भजन, पाठ एवं आरती में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। पांच दिनों तक चले विविध धार्मिक आयोजन महोत्सव के दौरान प्रतिदिन संत श्री गजानन महाराज के जीवन, उपदेशों एवं उनके आध्यात्मिक संदेशों पर आधारित धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। भक्तों ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और प्रवचन में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया। आयोजन स्थल पर संत श्री गजानन महाराज की भव्य छवि के समक्ष श्रद्धालुओं ने श्रद्धा से शीश नवाया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष मोहन देवपुरी ने संपूर्ण पांच दिवसीय उत्सव को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, महिलाओं, कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। मनोज राज 10 फरवरी 2026