नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में देर रात 14 साल के नाबालिग सोहेल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। खुले मैदान में हुए झगड़े के दौरान हुई वारदात में दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। पश्चिम दिल्ली के ख्याला इलाके में देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। करीब 14 साल के नाबालिग लड़के की सरेआम चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सोहेल के रूप में हुई है। घटना के बाद से इलाके में डर और आक्रोश का माहौल है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि खुले मैदान में इस तरह की वारदात कैसे हो गई। यह घटना ख्याला के सी-ब्लॉक स्थित कम्युनिटी सेंटर के पास खुले मैदान में हुई। बीती रात करीब 8:45 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को चाकूबाजी की सूचना मिली। बताया जा रहा है कि खुले मैदान में कुछ लड़कों के बीच झगड़ा हुआ, जो देखते ही देखते हिंसा में बदल गया। इसी दौरान सोहेल के पेट में चाकू मार दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल हालत में सोहेल को तुरंत गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों के मुताबिक, चाकू पेट में लगने के कारण ज्यादा खून बह गया था। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मृतक सोहेल के पिता पेशे से दर्जी हैं। परिवार में उसके दो भाई हैं, एक बड़ा और एक छोटा। बेटे की अचानक मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वारदात में शामिल अन्य लोगों की पहचान हो सके। पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ जारी है। पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए दोनों नाबालिग स्कूल छोड़ चुके हैं। एक नाबालिग के पिता का पहले ही निधन हो चुका है और उसकी मां घरेलू सहायिका के तौर पर काम करती हैं। दूसरे नाबालिग के माता-पिता फैक्ट्री में काम करते हैं। दोनों ने बताया है कि यह घटना आपसी झगड़े के दौरान हुई। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की असली वजह पता लगाने में जुटी है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी तरह की और अप्रिय घटना न हो। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/10/फरवरी/2026