क्षेत्रीय
10-Feb-2026
...


- फर्स्ट सेमेस्टर के पेपर बिगड़ने की जानकारी आई सामने - पढ़ाई के कारण डिप्रेशन में आकर खुदकुशी की आंशका - चार महीने पहले ही लिया था एडमिशन भोपाल(ईएमएस)। शहर के कोहेफिजा थाना इलाके में स्थित गांधी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) में प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही छात्रा की सदिंग्ध हालत में मौत हो जाने की घटना सामने आई है। छात्रा का शव बाथरूम में पड़ा था, वहीं शव के पास ही एसिड की बोतल भी मिली है। मृतक छात्रा रोशनी ने पिछले साल ही अक्टूबर में एमबीबीएस फर्स्ट ईयर में एडमिशन लिया था। शुरुआती जॉच में आत्महत्या का सही कारण सामने नहीं आया है। लेकिन प्राथमिक जांच में छात्रा के प्रथम सेमेस्टर के पेपर बिगड़ने की जानकारी सामने आई है। आंशका है की पढ़ाई को लेकर डिप्रेशन में आकर ही उसने खुदकुशी की है। फिलहाल पुलिस आगे की जॉच करने में जुटी हैं। मिली जानकारी के अनुसार आलीराजपुर जिला की रहने वाली रोशनी कुलेश पिता बंतर सिंह कुलेश (19) का इसी साल एमबीबीएस में सिलेक्शन हुआ था। जिसके बाद उसने पिछले साल ही अक्टूबर में गांधी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस फर्स्ट ईयर में एडमिशन एडमिशन लिया था। रोशनी कुलेश डे-स्कॉलर थी, और कोहेफिजा थाना क्षेत्र में कोहेफिजा स्थित बीडीए कॉलोनी में स्थित हॉस्टल में किराए से रहती थी। उसके साथ जीएमसी की ही एक अन्य छात्रा वैष्णवी मंडलोई भी साथ रहती थी। जीएमसी में प्रथम सेमेस्टर के पेपर बीती 28 जनवरी को समाप्त हुए थे। पेपर के बाद रोशनी अपने परिवार वालो से मिलने अलीराजपुर चली गई थी। वहां से दो दिन पहले ही वह वापस लौटी थी। बताया गया है की 9 फरवरी की रात अपने पेपर बिगड़ने की बात पर वह जल्दआने वाले रिजल्ट को लेकर काफी डिप्रेशन में थी। हालांकि उसकी रुममैट वैष्णवी ने उसे काफी समझाईश दी इसके बाद वह सो गई। 10 फरवरी की सुबह करीब आठ बजे वैष्णवी उठी तो उसे कमरे में रोशनी नजर नहीं आई उसने काफी आवाज लगाई लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जब वह उसे तलाशते हुए बाथरुम पहुंची तो उसका दरवाजा अंदर से बंद था। उसने काफी आवाज लगाई लेकिन बाथरुम के भीतर से कोई जवाब नहीं आया और न ही कोई हलचल की आवाजे आई। जैसै तैसै रुम मैट ने रोशनदान से भीतर झांका तो रोशनी जमीन पर पड़ी नजर आई। उसके शोर की आवाजे सुनकर आसपास के लोग वहॉ पहुंच गए। इसके बाद गार्ड मौके पर पहुंचा और बाथरूम का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर रोशनी जमीन पर बेसूध हालत में पड़ी मिली। उसे फौरन ही हमीदिया अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित करते हुए पुलिस को खबर दी। मामले की जांच करने पहुचीं पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। जॉच के दौरान बाथरुम में एक बॉटल मिली है, हालांकि वह फिनायल या एसिड यह साफ नहीं हो सका है। घटना स्थल की जांच एफएसएल टीम द्वार भी की जा रही है। रोशनी के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्चुरी भेज दिया गया। मौत के कारणों का खुलासा पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा। जूनियर डॉक्टर की मौत की खबर मिलते ही पीएम कक्ष के बाहर दर्जनों छात्र जमा हो गए थे। पुलिस का कहना है, कि शुरुआती जॉच में फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आगे की जांच के लिए छात्रा का मोबाइल जब्त किया गया है। जीएमसी की डीन कविता एन. सिंह का कहना है की रोशनी के मोबाइल में परिजन को भेजे गए मैसेज से पता चला है, कि वह पढ़ाई को लेकर तनाव में थी। मेहनत करने के बावजूद ठीक से समझ नहीं पा रही थी। फिलहाल कोहेफिजा पुलिस आगे की जांच कर रही है। जुनेद / 10 फरवरी