क्षेत्रीय
10-Feb-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) नशे एवं नशे के सौदागरों के खिलाफ मुखबिर सूचना पर इंदौर नारकोटिक्स टीम ने एक बड़ी छापामार कार्रवाई करते डेढ़ करोड़ रुपए मूल्य की एमडी ड्रग्स तथा उसे बनाने में उपयोगी रासायनिक पदार्थ जब्त करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इन्दौर नारकोटिक्स टीम ने अधिकारियों के निर्देश पर यह कार्रवाई गुना जिले के चंदेरी स्थित ग्राम कटराना में की। डीआईजी नारकोटिक्स महेशचंद जैन के अनुसार सूचना मिली थी कि चंदेरी के अंतर्गत ग्राम कटराना में कुछ लोग अवैध रूप से एमडी ड्रग्स बनाने का काम कर रहे हैं। जिस पर उन्होंने इंदौर से एक टीम डीएसपी संतोषसिंह हाड़ा के नेतृत्व में गठित करते हुए उसमें निरीक्षक वरसिह खड़िया, उपनिरीक्षक अजय शर्मा, सी. पदम सिंह कायस्थ तथा मंदसौर के नारकोटिक्स अधिकारी भारतसिंह चावड़ा को शामिल कर भेजा था। टीम ने संबंधित ठिकाने पर छापामार कार्रवाई कर मौके से दो आरोपी राघवेंद्रसिंह एवं प्रियांशु निवासी चंदेरी को गिरफ्तार किया। उनके पास 1200 ग्राम तैयार एमडी, तरल व रासायनिक पदार्थ, उपकरण, भट्टी के साथ, मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। डीआईजी जैन के अनुसार जब्त माल की कीमत डेढ़ करोड़ है। फिलहाल आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर उनसे पूछताछ की जा रही है।