व्यापार
10-Feb-2026


सेंसेक्स 208 अंक चढ़ा, निफ्टी 25900 के पार नई दिल्ली(ईएमएस)। हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन यानी मंगलवार को मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ। वैश्विक संकेतों में मजबूती और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर आशावाद के चलते मंगलवार को शेयर बाजार के बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में लगातार तीसरे सत्र में बढ़त दर्ज की गई, हालांकि निवेशकों ने उच्च स्तर पर मुनाफावसूली शुरू कर दी। रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 9 पैसे बढक़र 90.57 पर बंद हुआ। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 208.17 अंक या 0.25 प्रतिशत चढक़र 84,273.92 पर बंद हुआ। सत्र के दौरान, बेंचमार्क 417.2 अंक या 0.49 प्रतिशत उछलकर 84,482.95 के अंतरदिवस उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 67.85 अंक या 0.26 प्रतिशत बढक़र 25,935.15 पर बंद हुआ। इंट्राडे सत्र में, सूचकांक 122.15 अंक या 0.47 प्रतिशत बढक़र 25,989.45 के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। सेंसेक्स में शामिल शेयरों में इटरनल, टाटा स्टील, महिंद्रा एंड महिंद्रा, पावरग्रिड, टेक महिंद्रा, एनटीपीसी, लार्सन एंड टुब्रो, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, मारुति सुजुकी इंडिया, एक्सिस बैंक, टाइटन और हिंदुस्तान यूनिलीवर लाभ कमाने वाले शेयरों में शामिल थे। दूसरी ओर, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, बजाज फाइनेंस, भारती एयरटेल, एशियन पेंट्स, एचडीएफसी बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, अदानी पोट्र्स और आईटीसी पिछडऩे वाली कंपनियों में शामिल थीं। इन कारणों से घरेलू बाजार में तेजी जारी जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के अनुसंधान प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि अमेरिकी व्यापार समझौते और प्रमुख एशियाई बाजारों से मिल रहे सकारात्मक संकेतों के चलते घरेलू शेयर बाजारों में तेजी जारी रही। विदेशी निवेशकों के निवेश में जोरदार उछाल और रुपये की मजबूती से निवेशकों का मनोबल और भी बढ़ रहा है, हालांकि विभिन्न क्षेत्रों में बीच-बीच में मुनाफावसूली भी देखने को मिली। उन्होंने आगे कहा कि टैरिफ संबंधी चिंताओं में काफी हद तक कमी आने के साथ, निकट भविष्य में बाजार की दिशा तीसरी तिमाही की कमाई पर निर्भर होने की उम्मीद है, जो अब तक मिली-जुली रही है और उम्मीदों से कम है। नायर ने कहा कि निवेशक अब आने वाली तिमाहियों में आय की गति को पुनर्जीवित करने के लिए हाल ही में किए गए राजकोषीय और मौद्रिक उपायों के संयुक्त प्रभाव पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। यूरोपीय बाजारों में दिखी तेजी एशियाई बाजारों में, जापान का निक्केई 225 सूचकांक, हांगकांग का हैंग सेंग, दक्षिण कोरिया का कोस्पी और शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक सकारात्मक दायरे में बंद हुए। सत्र के मध्य में हुए कारोबार में यूरोपीय बाजारों में अधिकतर तेजी देखी गई। सोमवार को अमेरिकी शेयर बाजार भी तेजी के साथ बंद हुआ। विनोद उपाध्याय / 10 फरवरी, 2026