मथुरा(ईएमएस)। मथुरा में एक परिवार के पांच लोगों की लाश कमरे में मिली है। मृतकों में पति, पत्नी और तीन बच्चे शामिल हैं। बेड पर मां, एक बेटी और एक बेटा मिले, जबकि दूसरी बेटी चारपाई पर थी। वहीं पति फर्श पर पड़ा मिला। फिलहाल, पुलिस की दो थ्योरी अब सामने आई है। पहली- पति, पत्नी और बच्चों ने दूध में जहर मिलाकर पीया। दूसरी- पति ने पहले पत्नी की हत्या की, फिर बच्चों की जान ली और बाद में करंट लगाकर खुद आत्महत्या कर ली। एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि घटना का पता उस वक्त चला, जब सुबह बच्चे दिखाई नहीं दिए। इस पर पड़ोस में रहने वाले मनीष के भाई मौके पर पहुंचे। मेन गेट फांदकर अंदर घुसे। कमरे का दरवाजा तोड़ा तो सभी मृत पड़े मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस को कमरे की दीवार पर एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें लिखा है- मैं मनीष और सीमा अपनी मर्जी से मरे हैं। पुलिस किसी को परेशान न करे। इसके अलावा एक कागज पर सुसाइड नोट मिला है। इसमें भी यहीं बातें लिखी हुई हें। पति के मोबाइल में एक वीडियो भी मिला है, जिसमें उसने आत्महत्या की बात कही है।