राज्य निर्वाचन आयुक्त श्रीवास्तव ने की समीक्षा भोपाल (ईएमएस)। मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग आगामी नगरीय निकाय एवं पंचायत आम निर्वाचन-2027 में सूचना प्रौद्योगिकी का बेहतर उपयोग करेगा। इससे निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने में मदद मिलेगी। राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव ने मंगलवार को इस कार्य की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियाँ समय-सीमा में पूरी करें। बैठक में केन्द्र सरकार की संस्था NICSI के प्रतिनिधि ने स्थानीय निर्वाचन में मतदाता, मतदान, ट्रेकिंग टूल, लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक एवं ए.आई. आधारित मतदाता सूची एवं मतदाता सत्यापन सहित अन्य सूचना प्रौद्योगिकी से संबंधित विषयों पर विस्तार से प्रेजेंटेशन दिया। उन्होंने आयोग के अधिकारियों की शंकाओं का समाधान भी किया। सचिव राज्य निर्वाचन आयोग दीपक सिंह ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग की निर्वाचन प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग से कुछ पृथक है। अत: इसे ध्यान में रखकर ऐप बनायें। बैठक में राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारी उपस्थित थे। हरि प्रसाद पाल / 10 फरवरी, 2026