राज्य
10-Feb-2026


:: इंदौर जिले में सर्वाधिक 5.30 लाख उपभोक्ताओं को मिला 21 करोड़ की राहत का लाभ :: इंदौर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने राज्य शासन की प्राथमिकता वाली अटल गृह ज्योति योजना के तहत मालवा-निमाड़ क्षेत्र में बड़ी राहत दी है। पिछले एक बिल माह के दौरान क्षेत्र के 34 लाख 12 हजार से अधिक घरेलू उपभोक्ताओं को 159 करोड़ रुपए की सब्सिडी प्रदान की गई। योजना के अंतर्गत पात्र उपभोक्ताओं को प्रथम 100 यूनिट तक की बिजली मात्र एक रुपए प्रति यूनिट की रियायती दर पर उपलब्ध कराई गई है। कंपनी क्षेत्र के 15 जिलों में इंदौर जिला योजना के लाभ में सबसे अग्रणी रहा है। यहाँ के 5.30 लाख से अधिक उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में 21 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमी आई है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के निर्देशानुसार, विभाग द्वारा लाभार्थियों से नियमित रूप से फीडबैक भी लिया जा रहा है ताकि योजना का लाभ लक्षित वर्ग तक पारदर्शी तरीके से पहुँच सके। प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि प्रतिदिन औसत 5 यूनिट (अधिकतम 150 यूनिट प्रतिमाह) तक बिजली खपत करने वाले घरेलू उपभोक्ता ही इस सब्सिडी के पात्र हैं। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से उज्जैन के 3.22 लाख, धार के 3.10 लाख और खरगोन के 2.98 लाख उपभोक्ताओं के घर रोशन हुए हैं। इसके अतिरिक्त रतलाम के 2.57 लाख, देवास के 2.40 लाख, मंदसौर के 2.37 लाख, बड़वानी के 2.15 लाख और खंडवा के 2.08 लाख उपभोक्ताओं को भी योजना का सीधा लाभ मिला है। कंपनी के अन्य पांच जिलों में लाभान्वितों की संख्या 90 हजार से 1.80 लाख के बीच रही है। प्रकाश/10 फरवरी 2026