राज्य
10-Feb-2026


:: छात्रा के विरोध के बाद अन्नपूर्णा पुलिस की बड़ी कार्रवाई; डीसीपी बोले- संस्थानों में सुरक्षा से समझौता नहीं :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र स्थित कैटलाइजर कोचिंग क्लास में एक नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। संस्थान के ही एक मैनेजमेंट कर्मचारी पर छात्रा के साथ अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता और पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। घटनाक्रम के अनुसार, आरोपी कर्मचारी ने संस्थान परिसर में पढ़ाई के दौरान छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की थी। बहादुर छात्रा ने न केवल आरोपी का डटकर विरोध किया, बल्कि घर पहुँचकर तत्काल परिजनों को आपबीती सुनाई। परिजनों द्वारा अन्नपूर्णा थाना पहुँचकर शिकायत दर्ज कराए जाने के तुरंत बाद पुलिस टीम सक्रिय हुई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। जांच टीम अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या आरोपी ने पूर्व में भी अन्य छात्राओं के साथ इस तरह की हरकत की है। इस पूरे मामले पर डीसीपी कृष्ण लालचंदानी ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि नाबालिगों के विरुद्ध होने वाले अपराधों में पुलिस पूरी संवेदनशीलता और कठोरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है और कोचिंग संस्थानों में छात्राओं की सुरक्षा के मानकों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने शहर के अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों से नियमित संवाद बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें। फिलहाल आरोपी पुलिस रिमांड में है और मामले की वैधानिक जांच जारी है। प्रकाश/10 फरवरी 2026