* कांग्रेस ने राज्यपाल और मुख्य सचिव को पत्र लिखकर नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की मांग की अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात प्रदेश कांग्रेस समिति के मीडिया कन्वीनर और प्रवक्ता डॉ. मनीष दोशी ने आरोप लगाया है कि भाजपा के गांधीनगर स्थित ‘कमलम’ कार्यालय में 1 फरवरी को आयोजित पार्टी कार्यक्रम में शामिल होकर कुछ वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों ने सरकारी सेवा नियमों का गंभीर उल्लंघन किया है। इस संबंध में उन्होंने राज्यपाल और राज्य के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है। डॉ. मनीष दोशी के अनुसार, इस भाजपा के पार्टी कार्यक्रम में सिविल अस्पताल के सुपरिटेंडेंट डॉ. राकेश जोशी, पैराप्लेजिया विभाग के प्रमुख डॉ. पियूष मित्तल तथा गुजरात टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (जीटीयू) की कुलपति डॉ. राजुल गज्जर की मौजूदगी दर्ज की गई। ये तीनों अधिकारी सरकारी वेतन और सुविधाएं प्राप्त करने वाले कर्मचारी हैं, जिनका किसी भी राजनीतिक कार्यक्रम में भाग लेना नियमों के खिलाफ है। कांग्रेस का आरोप है कि उक्त अधिकारियों ने गुजरात सिविल सर्विसेज (कंडक्ट) रूल्स, 1971 के नियम-5 का खुला उल्लंघन किया है, जिसमें किसी भी सरकारी कर्मचारी को राजनीतिक दल या गतिविधि से जुड़ने, सहयोग करने या भाग लेने पर सख्त प्रतिबंध है। इसके साथ ही, कांग्रेस ने यह भी कहा कि जीटीयू की कुलपति डॉ. राजुल गज्जर ने गुजरात पब्लिक यूनिवर्सिटीज एक्ट, 2023 तथा इससे जुड़े प्रावधानों का भी स्पष्ट उल्लंघन किया है, जिनके तहत किसी विश्वविद्यालय के कुलपति का राजनीतिक गतिविधियों से जुड़ना प्रतिबंधित है। डॉ. मनीष दोशी ने कहा कि गुजरात में लंबे समय से भाजपा सरकार द्वारा सरकारी तंत्र, सरकारी धन और कर्मचारियों का पार्टी हित में दुरुपयोग किया जा रहा है। अब तो सिविल अस्पताल के प्रमुख और विश्वविद्यालय के कुलपति जैसे वरिष्ठ अधिकारी भी खुलेआम भाजपा के कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं, जो लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों का घोर अपमान है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसी घटनाओं पर रोक नहीं लगाई गई, तो सरकारी सेवाओं की निष्पक्षता खत्म हो जाएगी और जनता का भरोसा टूटेगा। राज्य के संवैधानिक प्रमुख होने के नाते राज्यपाल से आग्रह किया गया है कि इस गंभीर मामले की तत्काल जांच कराकर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। सतीश/10 फरवरी