राज्य
10-Feb-2026


देहरादून (ईएमएस)। नगर निगम के मेयर सौरभ थपलियाल ने आज नगर निगम परिसर में स्थित शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर डिस्पेंसरी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मेयर ने डिस्पेंसरी का ओपीडी रजिस्टर देखा एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाओं की व्यवस्था, साफ-सफाई तथा स्टाफ की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इस दौरान मेयर सौरभ थपलियाल ने कहा कि शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर डिस्पेंसरी शहर की जनता को निःशुल्क एवं सुलभ प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस डिस्पेंसरी के माध्यम से क्षेत्रवासियों को सामान्य बीमारियों का निःशुल्क उपचार, मुफ्त दवाइयाँ ब्लड प्रेशर एवं शुगर की जाँच, महिला एवं बाल स्वास्थ्य सेवाएँ तथा टीकाकरण जैसी सुविधाएँ एक ही स्थान पर मिलेंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ देने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी सेवाएँ नियमित और सुचारु रूप से संचालित हों। महापौर ने यह भी कहा कि इस प्रकार की स्वास्थ्य सुविधाओं से बड़े अस्पतालों पर दबाव कम होगा और आम नागरिकों को उनके घर के पास ही इलाज मिल सकेगा। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/10 फरवरी 2026