राज्य
10-Feb-2026


देहरादून (ईएमएस)। कारगी से कूडा थैलों में भरकर महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने नगर निगम में कूड़ा रखकर थाली बजाते हुए अनोखा प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज किया। कहा कि जल्द ही नगर निगम सफाई व्यवस्था को दुरस्त नहीं किया तो व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। यहां महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कार्यकर्ता कूड़ा लेकर नगर निगम पहंुचे और वहां पर कूडे के थेले रखकर थाली बजाते हुए अपना विरोध दर्ज किया। रौतेला ने कहा है कि लंबे समय से धर्मपुर विधानसभा स्थित कारगी कूड़ा डंपिंग यार्ड के स्थानांतरण एवं वैज्ञानिक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की माँग को लेकर आंदोलन किए जा रहे है। प्रदर्शन के दौरान मेयर को दिया जाने वाला ज्ञापन सौंपने के लिए लगातार तीन घंटे तक प्रतीक्षा की गई, किंतु इसके बावजूद मेयर सौरभ थपलियाल जो इसी कार्यालय में मौजूद थे, ज्ञापन लेने बाहर नहीं आए। यह रवैया जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधि की जवाबदेही पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़ा करता है। अंततः नगर आयुक्त नमामि बंसल ज्ञापन लेने आई, जिसे प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने उन्हें ज्ञापन दिया। नगर आयुक्त द्वारा शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के पश्चात धरना-प्रदर्शन को स्थगित किया गया। इस अवसर पर ज्योति रौतेला ने एक अहम सवाल उठाते हुए कहा कि क्यों कई दिनों तक कूड़ा जमा कर पहाड़ की तरह चढ़ाया जाता है और जनता को बीमारियों के हवाले छोड़ दिया जाता है। उन्होंने कहा कि कारगी कूड़ा डंपिंग यार्ड घनी आबादी वाले रिहायशी क्षेत्र के बीच स्थित है, जहाँ महिलाएँ, बच्चे और बुजुर्ग लगातार बीमारियों, दुर्गंध और प्रदूषण का दंश झेल रहे हैं। यह न केवल ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2016 का उल्लंघन है, बल्कि नागरिकों के स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ जीवन के संवैधानिक अधिकार पर भी सीधा हमला है। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/10 फरवरी 2026