धमतरी(ईएमएस)। जिले के बिरेतरा गांव में ग्राम पंचायत ने विद्यार्थियों की पढ़ाई और परीक्षा परिणाम बेहतर करने के उद्देश्य से अनोखा फैसला लिया है। पंचायत के निर्णय के अनुसार शाम 6 बजे के बाद यदि कोई छात्र गांव में घूमता या नशा करता पाया गया तो उसके अभिभावकों पर 5 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा। पंचायत ने छात्रों के चौक-चौराहों या गलियों में अनावश्यक घूमने, मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग तथा नशे जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। नियमों के उल्लंघन की सूचना देने वालों को प्रोत्साहन देने की भी व्यवस्था की गई है। इस पहल का उद्देश्य बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करना बताया गया है। जिला मुख्यालय से लगभग 15 किमी दूर स्थित इस गांव में इस वर्ष शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए मुनादी कर ग्रामीणों को नियमों की जानकारी दी जा रही है। आसपास के गांव—रावनगुड़ा, लिमतरा और धौराभाठा—के लोग भी इस पहल में सहयोग कर रहे हैं। ग्राम पंचायत ने अभिभावकों के लिए भी जिम्मेदारियां तय की हैं। पालकों को बच्चों के गृहकार्य की निगरानी, अनावश्यक मोबाइल-टीवी से दूरी, घरेलू काम से राहत और नशामुक्त वातावरण सुनिश्चित करने को कहा गया है। ग्राम विकास, शाला विकास और शाला प्रबंधन समितियां इन नियमों के पालन पर नजर रखेंगी। यह निर्णय शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बिरेतरा में आयोजित बैठक में लिया गया, जिसमें स्कूल प्रबंधन, अभिभावक और ग्रामीण प्रतिनिधि शामिल हुए। शिक्षकों के अनुसार दसवीं में लगभग 80% और बारहवीं में 100% परिणाम के लक्ष्य के साथ वार्ड निगरानी समितियां बनाकर विद्यार्थियों की नियमित निगरानी की जाएगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)13 फरवरी 2026