कचरा कैफे और 5 एम.जी.डी. जलशोधन संयंत्र की कार्यपद्धति को भी समझा ऐतिहासिक बड़ी झील में नौका विहार का आनन्द भी लिया भोपाल(ईएमएस)। विकसित केरलम कार्यक्रम के तहत राजधानी भोपाल में दो दिवसीय प्रवास पर आए केरल के विभिन्न नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों ने भोपाल नगर निगम, द्वारा संचालित स्वच्छता की विभिन्न गतिविधियों एवं जलापूर्ति व्यवस्था का अवलोकन किया। प्रतिनिधि मंडल ने मनुआभान टेकरा स्थित 05 एम.जी.डी क्षमता के जलशोधन संयंत्र एवं अरेरा कालोनी 10 नंबर स्थित कचरा कैफे की कार्यपद्धति के बारे में भी विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की और इनकी कार्यप्रणाली को समझा। राजधानी की ऐतिहासिक बड़ी झील में केरल के दल के सदस्यों ने नौका विहार का आनन्द लिया और भोपाल की झीलों, शैल-शिखरों सहित शहर की सुंदरता की सराहना भी की। राजधानी प्रवास पर आए केरल के विभिन्न नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों ने रविवार को अपने प्रवास के दूसरे दिन मनुआभान टेकरा स्थित 05 एम.जी.डी क्षमता के जलशोधन संयंत्र का अवलोकन किया। दल के सदस्यों ने जलशोधन की प्रक्रिया के प्रत्येक चरण का सूक्ष्मता से जायजा लिया और इसके संबंध में अधिकारियों से विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की साथ ही भोपाल शहर की जलप्रदाय व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी हासिल की। दल के सदस्यों ने भोपाल की ऐतिहासिक बड़ी झील में बोट क्लब से शिकारे में बैठकर नौका विहार का आनन्द लिया और बड़ी झील के फैलाव एवं इसकी सुंदरता की भी सराहना की। केरल के दल के सदस्यों ने भोपाल की झीलों, शैल-शिखरों सहित यहां की नैसर्गिक सुंदरता की सराहना की और भोपाल नगर निगम द्वारा झीलों के संरक्षण व शहर की सुंदरता में वृद्धि हेतु किए जा रहे कार्यों की भी मुक्तकंठ से प्रशंसा की। केरल के जनप्रतिनिधियों ने अरेरा कालोनी 10 मार्केट स्थित अपने प्रकार के अनोखे कचरा कैफे का भी अवलोकन किया और कचरा कैफे की सम्पूर्ण कार्यप्रणाली, कचरा एकत्रीकरण, कचरे की रिसाईक्लिंग व निष्पादन तथा कचरा कैफे एप्प आदि के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त करते हुए सम्पूर्ण कार्यप्रणाली को समझा और इसी प्रकार के नवाचार अपने-अपने नगरीय निकायों की कार्य योजना में सम्मिलित करने की इच्छा भी प्रकट की। राजधानी भोपाल के दो दिवसीय प्रवास पर आए केरल के प्रतिनिधि मंडल में पारालम की ग्राम पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनिता, पुंजर ठेकेकारा ग्राम पंचायत के अध्यक्ष मिनर्वामोहन, मुदक्कल ग्राम पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शाईनी वी, थिरूविलवामाला ग्राम पंचायत की उपाध्यक्ष श्रीमती शीला पानीकर, कोझीकोण नगर निगम के पार्षद टी. रिनीश, वालाचिरा नगरीय निकाय की श्रीमती सुजीता के.एस., कोंडाझी ग्राम पंचायत में संसदीय दल के नेता शशि कुमार एम.पी., कोडिनगिल्लूर नगरीय निकाय के सजीवन टी.एस., वैकम नगरीय निकाय के महेश एम.के., नेडूमगादू की पार्षद श्रीमती बीना आर.सी. तथा कड़कामपल्ली की पार्षद श्रीमती जया राजीव सम्मिलित हैं। हरि प्रसाद पाल / 15 फरवरी, 2026