-राज्यपाल को अधूरा छोड़ना पड़ा अभिभाषण भोपाल,(ईएमएस)। मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र में आज पहले दिन विपक्ष ने जमकर हंगामा किया। वजह ये थी कि राज्यपाल मंगुभाई के अभिभाषण में इंदौर के प्रदूषित जल से हुई मौतों का कोई जिक्र नहीं था, इसका विरोध करते हुए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि राज्यपाल महोदय के अभिभाषण में इंदौर के प्रदूषित जल से हुई मौतों का जिक्र क्यों नहीं किया गया। इस पर कांग्रेस के सचिन यादव, जयवर्धन सिंह आदि सदस्य खड़े हो गए और नारेबाजी के साथ हंगामा करने लगे। इसी शोरगुल के बीच राज्यपाल पटेल ने अपना अभिभाषण जारी रखा। हंगामा इतना ज्यादा हुआ कि राज्यपाल ने अपना अभिभाषण पूरा नहीं किया और बीच में ही छोड़कर चले गए। मात्र 18 मिनट में ही उन्होंने जय हिंद कहकर इतिश्री कर दी। अध्यक्ष ने कुछ ही देर में सदन की कार्यवाही अगले दिन तक के लिए स्थिगित कर दी। सोमवार को सदन की कार्यवाही के प्रारंभ में संपूर्ण छह छंदों में वंदे मातरम् का गायन हुआ, जिसके बाद राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने अपना अभिभाषण दिया। राज्यपाल पटेल ने अपने संबोधन में सरकार की विकास उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं से आए बदलावों का उल्लेख किया। साथ ही संकल्प पत्र 2023 में किए गए वादों पर अब तक हुए कार्य और आगामी लक्ष्यों की जानकारी भी दी। इससे पहले विधानसभा पहुंचने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने राज्यपाल का स्वागत किया। राज्यपाल ने अभिभाषण की शुरुआत करते हुए कहा कि देश ऐसी दहलीज पर खड़ा है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत काल की संज्ञा दी है। उन्होंने उद्योगों के अनुकूल वातावरण, भोपाल में हुई ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट, वर्ष 2047 तक मध्यप्रदेश को 2 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य, 2026 को कृषि वर्ष के रूप में मनाने, पीएम जनमन योजना के तहत 1.35 लाख आवास निर्माण, उज्जैन में शिप्रा नदी को प्रदूषण मुक्त करने और नई शिक्षा नीति के तहत किए गए कार्यों का उल्लेख किया। इसी दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बीच में हस्तक्षेप करते हुए आरोप लगाया कि नल-जल योजना और इंदौर में दूषित पानी से हुई 40 मौतों का मुद्दा भाषण में शामिल नहीं किया गया। इसके बाद विपक्ष ने नारेबाजी शुरू कर दी, हालांकि हंगामे के बीच राज्यपाल ने अपना अभिभाषण जारी रखा। राज्यपाल ने अधूरा छोड़ा अभिभाषण राज्यपाल के सदन से जाने के बाद कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, जहां विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि जो हिस्सा पढ़ा नहीं जा सका, उसे पढ़ा हुआ माना जाएगा। इसके बाद सदन की कार्यवाही अगले दिन तक के लिए स्थगित कर दी गई। इससे पहले निर्धारित समय से करीब 8 मिनट विलंब से पहुंचे राज्यपाल ने ठीक 11 बजकर 09 मिनट पर अभिभाषण की शुरुआत की और ठीक 11 बजकर 27 मिनट पर समाप्त कर दिया। हंगामा और नारेबाजी का जवाब मेज थपथपाकर दिया मप्र विधानसभा में आज राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान हुए हंगामें सत्ता पक्ष के सदस्यों ने भी कसर नहीं छोड़ी। कांग्रेस सहित कई विपक्षी दल जहां इंदौर के प्रदूषित जल से हुई मौतों के मामले पर हंगामा कर नारेबाजी कर रहे थे वहीं सत्ता पक्ष इस हंगामे का जवाब मेजें थपथपाकर दे रहे थे। इससे सदन में शोर और ज्यादा बढ़ गया। मंत्री तुलसी सिलावट अपने पक्ष के लोगों की तरफ मेज थपथपाने का इशारे करते भी देखे गए। वंदे मातरम से शुरु हुई सदन की कार्यवाही बजट सत्र की कार्यवाही राष्ट्रगीत वंदे मातरम के गायन के साथ आरंभ हुई, जिसने सदन में देशभक्ति की भावना को मजबूत किया।सत्र का पहला दिन राज्यपाल मंगू भाई पटेल के अभिभाषण से आगे बढ़ा। राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में मोहन यादव सरकार की उपलब्धियों, विकास योजनाओं और राज्य की प्रगति की गाथा सुनाई। अभिभाषण के बाद कृतज्ञता प्रस्ताव पेश किया गया, जिस पर चर्चा होगी। 6 मार्च तक चलेगा सत्र सत्र 16 फरवरी से 6 मार्च तक चलेगा।कुल 3478 प्रश्न विधायकों से प्राप्त हुए हैं।236 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, 10 स्थगन प्रस्ताव और 41 अशासकीय संकल्प सदन में पेश होने की संभावना है। 18 फरवरी को उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा 2026-27 का बजट पेश करेंगे, जो अनुमानित रूप से 4.63 से 4.70 लाख करोड़ रुपये के आसपास होगा। यह बजट पेपरलेस (डिजिटल) होगा। सत्र के दौरान कुल 12 बैठकें प्रस्तावित हैं। हंगामेदार रहेगा बजट सत्र यह बजट सत्र हंगामेदार रहने की उम्मीद है क्योंकि विपक्ष (कांग्रेस) सरकार को विभिन्न मुद्दों जैसे बेरोजगारी, महंगाई, अवैध खनन, कर्ज और हालिया विवादास्पद मुद्दों पर घेरने की तैयारी में है। यह बजट सत्र सरकार की प्राथमिकताओं जैसे रोजगार सृजन, नारी सशक्तीकरण, किसान कल्याण और विकास पर केंद्रित रहने की उम्मीद है, जबकि विपक्ष द्वारा हिंदुत्व और अन्य संवेदनशील मुद्दों पर बहस तेज होने की संभावना है। वीरेंद्र/ईएमएस/16फरवरी2026 -----------------------------------