जांजगीर-चांपा(ईएमएस)। जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध से नाराज नाबालिग भाई ने अपने साथियों के साथ मिलकर बहन के बॉयफ्रेंड की हत्या कर दी। आरोपियों ने युवक की हत्या के बाद शव को पुरेना तालाब में फेंक दिया। मृतक की पहचान राहुल चौहान (27) के रूप में हुई है, जो धरदेई गांव का रहने वाला था। पुलिस के मुताबिक राहुल का नाबालिग की बहन से प्रेम संबंध था और दोनों मोबाइल पर बातचीत करते थे, जिससे नाबालिग भाई नाराज था। बताया गया कि राहुल अपनी मौसी के घर से लौट रहा था, तभी रास्ते में आरोपियों ने उसे रोक लिया। पहले जमकर मारपीट की, फिर भागने की कोशिश करने पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। शव मिलने के बाद जांच में युवक की पहचान सारंगढ़‑बिलाईगढ़ जिला के दर्रा गांव निवासी के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर मामले की जांच आगे बढ़ाई। पूछताछ में पुलिस ने मृतक के दोस्त और फिर नाबालिग आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने दोस्तों के साथ हत्या की बात स्वीकार कर ली, जिसके बाद अन्य आरोपियों को भी पकड़ा गया। पुलिस ने इस मामले में दो बालिग आरोपियों कोमल कर्ष (23) और राजवीर अनंत (19) को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं चार नाबालिग आरोपियों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। पुलिस के अनुसार हत्या का मास्टरमाइंड नाबालिग भाई है और मामले में एक फरार आरोपी की तलाश जारी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)16 फरवरी 2026