क्षेत्रीय
16-Feb-2026
...


जांजगीर(ईएमएस)। जिले में वर्ल्ड कप क्रिकेट मैच के दौरान ऑनलाइन सट्टा खिलाने और उसका प्रचार करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई चौकी नैला पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त छापेमारी में की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमीत सिंह ठाकुर (25) निवासी नैला दर्रीपारा और प्रतीक मिश्रा (30) निवासी तिफरा, बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से 23 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल फोन और दो एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। जांच में जब्त मोबाइल से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा की दो आईडी मिलीं, जिनके जरिए लाखों रुपये के लेनदेन की जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर लोगों को सट्टा खेलने के लिए प्रेरित करते थे और ऑनलाइन सट्टा आईडी बेचकर कमाई करते थे। कार्रवाई में उमेश कुमार कश्यप का मार्गदर्शन रहा। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी क्रिकेट समेत अन्य खेलों में ऑनलाइन सट्टा खिलाते थे और लंबे समय से उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ और सट्टा गतिविधियों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)16 फरवरी 2026