-पवार परिवार के संदेह का समर्थन किया मुंबई (ईएमएस)। शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में हुई मौत को लेकर पवार परिवार के संदेह का समर्थन किया है। इतना ही नहीं सांसद राउत ने विमान के जले हुए ब्लैक बॉक्स की स्थिति को रहस्यमय और बेहद गंभीर बताया। शिवसेना यूबीटी नेता राउत ने कहा कि अजित की फ्लाइट का ब्लैक बॉक्स जल गया है, इससे पवार परिवार के संदेह की पुष्टि हुई और राज्य सरकार द्वारा जांच के संचालन पर सवाल उठे। शिवसेना यूबीटी नेता ने कहा कि रोहित पवार उसी परिवार के सदस्य हैं, वे तकनीकी मामलों को समझते हैं। अजित की दुर्घटना के बारे में सामने आ रहे रहस्यमय तथ्य बेहद गंभीर हैं। उन्होंने संदेह जताकर कहा कि जब 20 साल बाद भी ब्लैक बॉक्स मिल जाता है, लेकिन अजित की फ्लाइट का ब्लैक बॉक्स जल गया है। यह कैसे संभव हो सकता है? अगर रोहित ने यह मुद्दा उठाया है, तब यह गंभीर है, और अगर पवार परिवार इसकी जांच करना चाहता है, तब उन्हें ऐसा करना चाहिए। अजित की मौत मामले में राज्य सरकार की मंशा सही नहीं है। शिवसेना यूबीटी नेता राउत की ये टिप्पणियां राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद पवार) के नेता रोहित के हालिया आरोपों के बाद आई हैं, जिसमें उन्होंने बारामती लेयरजेट 45 दुर्घटना को महज एक हादसा न मानकर साजिश का मुद्दा बताया था। इस दुर्घटना की जांच विमानन अधिकारियों द्वारा जारी है। बारामती विमान दुर्घटना पर प्रेसवार्ता कर उन्होंने कहा कि पूरा महाराष्ट्र यह सवाल उठा रहा है कि अजित दादा का विमान हादसा एक हादसा था या साजिश? मैं आप सभी के साथ अपने विचार साझा कर रहा हूं। कुछ लोग अब भी दादा के कहीं से आने की उम्मीद कर रहे हैं। कुछ लोग कहते हैं कि विमान में 6 लोग थे, वह अजित दादा का शव नहीं था, यह अब भी किसी बुरे सपने जैसा लगता है। आशीष दुबे / 17 फरवरी 2026