- एसिड पीने से हुई पत्नी की मौत मामले में पति के खिलाफ केस दर्ज इन्दौर (ईएमएस) करीब एक माह पहले एसिड पीकर खुदकुशी करने वाली महिला की मौत के मामले में पुलिस ने जांच कार्रवाई पश्चात उसके पति पर ही हत्या का केस दर्ज किया है। मामला राऊ थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार गत 24 जनवरी को लक्ष्मी रेडवाल पति अंतिम रेडवाल निवासी संजय नगर की एसिड पीने से मौत हो गई थी। प्रारंभिक जानकारी और जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा था, लेकिन विस्तृत जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आने के बाद पुलिस ने मृतका के पति अंतिम रेडवाल के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार अंतिम ने लक्ष्मी से प्रेम विवाह करने के बाद उसे मायके वालों से बात नहीं करने देता था। जिसको लेकर दोनों में विवाद होता था जिसमें अंतिम लक्ष्मी के तलाक की धमकी देता था। इतना ही नहीं, वह कथित तौर पर 50 हजार रुपए लेकर रिश्ता खत्म करने की बात भी कहता रहता था। पुलिस जांच में पता चला कि लगातार इस मानसिक दबाव के चलते आखिरकार लक्ष्मी ने यह कदम उठाया। जांच में यह भी सामने आया कि घटना से पहले भी दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी। पुलिस ने लक्ष्मी के परिजन के बयान दर्ज किए हैं और साक्ष्यों के आधार पर अंतिम के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। अंतिम फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। आनंद पुरोहित/ 18 फरवरी 2026