वाराणसी (ईएमएस) । डॉ बी आर अंबेडकर जन जागरण एवं उत्थान समिति सुसवाही, वाराणसी द्वारा असम के राज्यपाल महामहिम लक्ष्मण आचार्य जी को डॉक्टर नरसिंह राम द्वारा लिखित डॉ अंबेडकर का संघर्षमय जीवन पुस्तक भेंट की गई। श्री लक्ष्मण आचार्य बनारस डीजल लोको परिसर स्थित एक कार्यक्रम में भाग लेने पधारे थे। संस्था के उपाध्यक्ष श्री सोमारु प्रधान एवं महासचिव आर.के. निगम ने लेखक के साथ पुस्तक को भेंट की एवं उनका पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि मध्य प्रदेश की धरती का सौभाग्य है कि डॉक्टर अंबेडकर जैसा दुनिया का महान व्यक्ति महू( इंदौर ) में पैदा हुआ । विभिन्न परिस्थितियों से निकलते हुए वह भारत के प्रथम कानून मंत्री बने और इस देश को एक ऐसा संविधान दिए जो दुनिया का सर्वोत्कृष्ट संविधान माना जाता है। आज डॉक्टर बी आर अंबेडकर का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।भारत का हर देशवासी इस महान कार्य के लिए उनका ऋणी है। वह हम सभी के लिए वंदनीय हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनसे जुड़े सभी स्थलों को तीर्थ स्थल के रूप में विकसित किया है। डॉ नरसिंह राम /18 फ़रवरी, 2026