नई दिल्ली (ईएमएस)। ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा भारतीय संस्कृति और आतिथ्य से खासा प्रभावित हुए हैं। उन्होंने भारत को नमस्ते कह आभार जताया है। सोशल मीडिया प्रोफाइल पर एक वीडियो शेयर कर उन्होंने पारंपरिक स्वागत के लिए धन्यवाद अदा करते हुए अपना एजेंडा भी बताया है। होटल में पारंपरिक स्वागत के बाद मेहमान नेता ने एक्स पोस्ट में लिखा, नमस्ते, इंडिया! मैं एक जरूरी एजेंडे के साथ दौरे पर हूं। ये एजेंडा रिश्ते मजबूत करना, साझेदारी को गहरा करना और दुनिया में एआई के भविष्य पर चर्चा करना है। हम दोनों देशों के बीच और ज्यादा सहयोग, इनोवेशन और अवसर निर्माण के लिए काम करना जारी रखेंगे। दिल्ली एयरपोर्ट पर विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने उनका स्वागत किया। इस दौरे के दौरान राष्ट्रपति लूला इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में भाग लेंगे और फिर पीएम नरेंद्र मोदी संग द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। मंत्रालय ने इस दौरे को दोनों देशों की साझेदारी को मजबूत करने वाला करार दिया है। लिखा, भारत और ब्राजील के बीच करीबी और कई तरह के रिश्ते हैं। ये रिश्ते, जो रणनीतिक साझेदारी तक पहुंचे हैं, दरअसल, एक समान ग्लोबल विजन, लोकतांत्रिक मूल्यों और समावेशी विकास की प्रतिबद्धता पर आधारित हैं। राष्ट्रपति लूला की यात्रा से भारत-ब्राजील साझेदारी को जबरदस्त रफ्तार मिलेगी। ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डा सिल्वा 22 फरवरी तक भारत में रहेंगे। यह दौरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रहा है। इस बार राष्ट्रपति लूला अपने साथ सैकड़ों कंपनियों के मालिकों और अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल लेकर पहुंचे हैं। सुबोध/१७-०२-२०२६