शिलांग(ईएमएस)। मेघालय की राजधानी शिलांग से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां वॉयस ऑफ द पीपल पार्टी (वीपीपी) के वरिष्ठ नेता और वर्तमान सांसद रिकी एजे सिंगकोन का 54 वर्ष की आयु में निधन हो गया। गुरुवार को मावलाई मावियोंग में अपने दोस्तों के साथ एक फ्रेंडली फुटबॉल मैच के दौरान उन्हें अचानक कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके बाद वे मैदान पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। खेल के मैदान पर हुई इस अचानक घटना से वहां मौजूद उनके साथी और समर्थक स्तब्ध रह गए। हादसे के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए निकटतम मावियोंग कम्युनिटी हेल्थ सेंटर ले जाया गया, लेकिन बताया जा रहा है कि वहां डॉक्टर की अनुपलब्धता के कारण उन्हें तत्काल जियाव स्थित डॉ. एच. गॉर्डन रॉबर्ट्स अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन काफी मशक्कत के बाद भी उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। सांसद के आकस्मिक निधन की खबर फैलते ही पूरे मेघालय में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की जानकारी मिलते ही मेघालय के उपमुख्यमंत्री प्रेस्टोन तिनसॉन्ग, वीपीपी प्रमुख आर्डेंट एम. बसायावमोइट और कई अन्य राजनीतिक दिग्गज अस्पताल पहुँचे और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा ने इस अपूरणीय क्षति पर गहरा दुख प्रकट करते हुए उन्हें एक समर्पित और दयालु नेता बताया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि डॉ. रिकी एजे सिंगकोन जनता की सेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता रखने वाले व्यक्ति थे, जिन्होंने हमेशा विनम्रता और दूरदर्शिता के साथ समाज की उन्नति के लिए कार्य किया। एक सक्रिय राजनीतिज्ञ होने के साथ-साथ खेलों के प्रति उनकी रुचि जगजाहिर थी, लेकिन इसी खेल के मैदान पर उनका इस तरह दुनिया से चले जाना राज्य के लिए एक बड़ी कूटनीतिक और व्यक्तिगत क्षति है। वर्तमान में राज्य के विभिन्न संगठनों और आम जनता द्वारा इस मृदुभाषी नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि दी जा रही है। वीरेंद्र/ईएमएस/20फरवरी2026