- टी20 विश्व कप 2026: सुपर-8 में एक्सपर्ट्स की भविष्यवाणी नई दिल्ली (ईएमएस)। टी20 विश्व कप 2026 का रोमांच मोड पर है। आठ टीमें दो ग्रुप में बंटी हैं और प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। ग्रुप-1 में भारत, वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे शामिल हैं, जबकि ग्रुप-2 में न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, इंग्लैंड और श्रीलंका की टीमें उतरेंगी। इन मुकाबलों से पहले स्टार स्पोर्ट्स के छह क्रिकेट विशेषज्ञों ने अपनी-अपनी भविष्यवाणियां रखी हैं, जिनमें सेमीफाइनल टीमों को लेकर राय दो धड़ों में बंटी दिखी। पूर्व भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने भारत, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका और न्यूजीलैंड को सेमीफाइनलिस्ट बताया है। उन्होंने भारत और श्रीलंका की घरेलू परिस्थितियों में मजबूती को अहम कारण माना, जबकि दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड को संतुलित टीम बताते हुए टॉप-4 में जगह के लायक बताया। पुजारा के हिसाब से पाकिस्तान, इंग्लैंड, जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज का सफर सुपर-8 में ही खत्म हो जाएगा। भारतीय लेग स्पिनर युजवेद्र चहल ने भी भारत, दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड को सेमीफाइनल का दावेदार माना। उनके अनुसार पाकिस्तान, श्रीलंका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे की टीमें सुपर-8 में ही रुक जाएंगी। पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ भी चहल की ही राय से सहमत दिखे और उन्होंने भी इन्हीं चार टीमों को अंतिम-4 में जगह बनाने योग्य माना। वहीं, स्टार स्पोर्ट्स विशेषज्ञ पैनल में शामिल दो पूर्व खिलाड़ियों संजय बांगर और वरुण एरोन ने पाकिस्तान को सेमीफाइनल का प्रबल दावेदार माना है। बांगर के अनुसार भारत, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका और पाकिस्तान अंतिम-4 में पहुंचेंगे, जबकि एरोन ने भारत, वेस्टइंडीज, श्रीलंका और पाकिस्तान को टॉप-4 चुना। पूर्व चयनकर्ता सबा करीम ने भारत, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका और इंग्लैंड को सेमीफाइनल की टीम माना। कुल मिलाकर, छह में से चार एक्सपर्ट्स ने पाकिस्तान को सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर बताया, जबकि दो का मानना है कि पाकिस्तान सुपर-8 में उलटफेर कर सकता है। भारत सभी विशेषज्ञों की पहली पसंद बना हुआ है और उसकी सुपर-8 में जीत की उम्मीदें सबसे मजबूत मानी जा रही हैं। टी20 वर्ल्ड कप 26 की सेमी फाइनलिस्ट टीम पर स्टार स्पोर्ट्स एक्सपर्ट की भविष्यवाणी चेतेश्वर पुजारा - भारत, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका और न्यूजीलैंड। युजवेंद्र चहल - भारत, दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड। मोहम्मद कैफ - भारत, दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड। वरुण एरोन - भारत, वेस्टइंडीज, इंग्लैंड, पाकिस्तान। संजय बांगर - भारत, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका और पाकिस्तान। सबा करीम - भारत, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका और इंग्लैंड। डेविड/ईएमएस 22 फरवरी 2026