अनुगुल (ईएमएस)। ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में ड्यूटी पर तैनात पांच पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब पुलिस की बोलेरो वाहन और तेज रफ्तार ट्रेलर आमने-सामने टकरा गए। घटना झारसुगुड़ा सदर थाना के सामने हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मृतकों में एपीआर जवान काशीराम भोई और देबदत्त सा, ड्रिल सब-इंस्पेक्टर निरंजन कुजूर, एपीआर हवलदार लिंगराज धुरुआ और होमगार्ड भक्तबंधु मिर्धा शामिल हैं। तीन अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत जिला मुख्यालय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज गहन चिकित्सकीय निगरानी में जारी है। पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और हादसे के कारणों की जांच की। पूरे जिले में शोक की लहर है। कर्तव्य निभाते हुए शहीद हुए जवानों को लेकर पुलिस महकमे और आम लोगों ने गहरी संवेदना व्यक्त की। सतीश मोरे/22फरवरी ---