राष्ट्रीय
22-Feb-2026


फरीदाबाद (ईएमएस)। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता को गुप्त सूचना मिली कि नहर पार क्षेत्र में बिना अनुमति के कैपिटल कंस्ट्रक्शन नामक आरएमसी प्लांट चलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहायक अभियंता जतिन बरवाल को साथ लेकर कार्रवाई की। टीम मास्टर रोड पर सेक्टर-89 स्थित गांव भूपानी की राजस्व संपदा पर पहुंचे। मौके पर ऑपरेटर मनीष ने बताया कि प्लांट का संचालन सोनू गुप्ता द्वारा किया जा रहा है। टीम ने आरएमसी से संबंधित अनुमति मांगने पर संचालक कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सके। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के रिकॉर्ड के अनुसार इस प्लांट के संचालन के लिए कोई अनुमति प्राप्त नहीं की गई थी। मौके पर प्लांट में सीमेंट, क्रेशर और अन्य सामग्री का पर्याप्त स्टॉक भी पाया गया। बिना अनुमति के प्लांट संचालन पाए जाने के बाद बोर्ड द्वारा नियमों के तहत संचालक के खिलाफ कार्रवाई करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने कहा कि ऐसे प्लांटों पर भविष्य में भी निगरानी जारी रहेगी और किसी भी अनियमितता पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सतीश मोरे/22फरवरी ---