मैलोरका,(ईएमएस)। स्पेन के मशहूर पर्यटन स्थल मैलोरका से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां लगभग 4 लाख फॉलोअर्स वाली ब्रिटिश-स्पेनिश इन्फ्लुएंसर और लेखिका अमंडा जेफरी को अपने ही पति की हत्या की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। 45 वर्षीय अमंडा, जो स्पेन में एक सम्मानित अंग्रेजी शिक्षिका, लेखिका और टॉक शो गेस्ट के रूप में जानी जाती हैं, उन पर आरोप है कि उन्होंने अपने बिजनेसमैन पति विक्टर को लाइफ इंश्योरेंस लेने के लिए मजबूर किया और फिर उनकी वाइन में नशीली दवाएं मिलाकर उन्हें जान से मारने का प्रयास किया। यह मामला तब और भी पेचीदा हो गया जब सोशल मीडिया पर अपनी शादी की सालगिरह की तस्वीरें साझा करने वाली इस शख्सियत का दोहरा चेहरा दुनिया के सामने आया। घटनाक्रम के अनुसार, 10 जनवरी की रात विक्टर ने अपनी पत्नी के साथ वक्त बिताते समय खौफनाक मंजर का अनुभव किया। पुलिस को दिए गए बयान में विक्टर ने बताया कि अमंडा ने वाइन के दो गिलास भरे थे। एक गिलास उनकी ओर बढ़ाते हुए अमंडा ने बड़े ही प्यार से कहा, तुम मेरे वाले गिलास से पियो, क्योंकि इसमें वाइन ज्यादा है और यह मेरा पसंदीदा है। हालांकि विक्टर को वाइन का स्वाद कुछ अजीब लगा और उन्होंने इसकी शिकायत भी की, लेकिन अमंडा के बार-बार जोर देने पर उन्होंने वह पूरा गिलास खत्म कर दिया। इसके कुछ ही देर बाद विक्टर बेसुध होकर गहरी नींद में चले गए, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। अस्पताल की मेडिकल रिपोर्ट ने इस पूरी साजिश की परतें खोल दीं। तीन दिनों तक चले इलाज के दौरान जब विक्टर के रक्त की जांच की गई, तो उसमें दो अलग-अलग प्रकार की नशीली दवाओं की भारी मात्रा पाई गई। विक्टर ने किसी भी प्रकार की दवा के सेवन से साफ इनकार किया, जिससे डॉक्टरों को संदेह हुआ। पूरी तरह ठीक होने के बाद विक्टर ने सीधे पुलिस स्टेशन जाकर अपनी पत्नी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि विक्टर ने अपनी वसीयत में अपने भाई को उत्तराधिकारी बनाया था, लेकिन अमंडा पिछले काफी समय से उन पर एक बहुत बड़ी लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी लेने के लिए लगातार दबाव बना रही थीं। मैलोरका की संस्कृति पर डॉक्यूमेंट्री बना चुकीं और स्थानीय प्रकाशनों के लिए कॉलम लिखने वाली अमंडा की इस हरकत ने उनके प्रशंसकों को स्तब्ध कर दिया है। गुरुवार को उन्हें पाल्मा की एक अदालत में हथकड़ियों में पेश किया गया। फिलहाल अदालत ने उन्हें जमानत पर रिहा तो कर दिया है, लेकिन उनके खिलाफ एक कड़ा रेस्ट्रेनिंग ऑर्डर जारी किया गया है। इसके तहत वह अपने पति के 500 मीटर के दायरे में नहीं जा सकतीं और न ही किसी माध्यम से उनसे संपर्क कर सकती हैं। दोनों का एक छोटा बेटा भी है, जिसकी सुरक्षा को लेकर भी चिंताएं जताई जा रही हैं। पुलिस इस हाई-प्रोफाइल मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि हत्या की कोशिश के पीछे के पुख्ता सबूत जुटाए जा सकें। वीरेंद्र/ईएमएस/22फरवरी2026 -----------------------------------