क्षेत्रीय
22-Feb-2026
...


- शासकीय कालिदास कन्या महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना विशेष शिविर का गरिमामय समापन उज्जैन (ईएमएस)l राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, शासकीय कालिदास कन्या महाविद्यालय द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन समारोह ग्राम सुरासा में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ विशिष्ट अतिथि डॉ. व्ही. के. गुप्ता, मुख्य अतिथि डॉ. एच. एल. अनिजवाल एवं महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. वंदना गुप्ता के करकमलों द्वारा पौधरोपण से किया गया। तत्पश्चात स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर समारोह की विधिवत शुरुआत हुई। अतिथियों के स्वागत-सम्मान के उपरांत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। छात्राओं ने भजन प्रस्तुत किया तथा रासेयो लक्ष्य गीत “उठे समाज के लिए” का सामूहिक गायन किया। देशभक्ति गीत पर छात्राओं द्वारा प्रस्तुत नृत्य ने उपस्थित जनसमुदाय को भावविभोर कर दिया। सात दिवसीय विशेष शिविर का प्रतिवेदन कार्यक्रम अधिकारी मोनिका परमार द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसमें शिविर के दौरान संचालित सामाजिक, शैक्षणिक एवं जन-जागरूकता संबंधी गतिविधियों का विस्तृत विवरण दिया गया। समापन सत्र में विशिष्ट अतिथि डॉ. व्ही. के. गुप्ता (परीक्षा नियंत्रक, मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग) ने छात्राओं को सक्रिय सहभागिता के लिए बधाई देते हुए अपने विद्यार्थी जीवन में रासेयो से जुड़े प्रेरक अनुभव साझा किए। मुख्य अतिथि डॉ. एच. एल. अनिजवाल (क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक, उच्च शिक्षा विभाग) ने विशेष शिविर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं द्वारा किए गए जागरूकता कार्यों की सराहना की। श्री गुरु सांदीपनि इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस से विशेष अतिथि आशुतोष मीणा ने कहा कि ऐसे शिविर छात्राओं के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं गुरु संदीपनी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. चंद्रेश अरेकर ने छात्राओं को शिविर में अर्जित मूल्यों को जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा दी। छात्रा प्रियांशी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि शिविर में प्राप्त मार्गदर्शन जीवनपर्यंत प्रेरणास्रोत रहेगा। इस मौके पर अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. वंदना गुप्ता ने स्वयंसेवकों एवं कार्यक्रम अधिकारियों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि शिविर में अपनाई गई अनुशासित दिनचर्या को यदि छात्राएं अपने जीवन में निरंतर बनाए रखेंगी तो उनके व्यक्तित्व में निश्चित रूप से निखार आएगा। उन्होंने मातृभाषा के महत्व पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी मीरा यादव ने किया तथा आभार प्रदर्शन कार्यक्रम अधिकारी मोनिका परमार ने व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि विशेष शिविर के दौरान छात्राओं द्वारा ग्राम सुरासा में स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा प्रसार एवं सामाजिक चेतना से जुड़े विविध कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए गए।