ढाका,(ईएमएस)। बांग्लादेश ने भारत के साथ रिश्तों में सुधार की दिशा में अहम कदम उठाते हुए भारतीय नागरिकों के लिए टूरिस्ट वीजा सेवा फिर से शुरू करने की घोषणा की है। बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि भारत में स्थित बांग्लादेशी डिप्लोमैटिक मिशन सोमवार से पर्यटक वीजा जारी करना फिर से शुरू कर देंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सुरक्षा कारणों के चलते बांग्लादेश सरकार ने पहले टूरिस्ट वीजा सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी थीं। हालांकि हालिया चुनावों के बाद हालात सामान्य होने पर अब इस सेवा को पूर्ण रूप से बहाल किया जा रहा है। अधिकारी ने स्पष्ट किया कि टूरिस्ट वीजा औपचारिक रूप से पूरी तरह बंद नहीं किए गए थे, बल्कि केवल सीमित और अर्जेंट मामलों में जारी किए जा रहे थे। इन शहरों में फिर शुरू होगी सेवा भारत में स्थित बांग्लादेश हाई कमीशन नई दिल्ली के अलावा गुवाहाटी, अगरतला, मुंबई और कोलकाता में मौजूद मिशनों में भी सोमवार से टूरिस्ट वीजा की प्रक्रिया सामान्य रूप से शुरू हो जाएगी। अधिकारी के अनुसार, अन्य श्रेणियों के वीजा पहले से जारी किए जा रहे थे, लेकिन पर्यटक वीजा बड़े पैमाने पर अब फिर से बहाल किए जा रहे हैं। विदेश मंत्रालय के अधिकारी ने कहा कि स्थिति की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया है और अब सभी प्रकार की वीजा सेवाएं नियमित रूप से उपलब्ध रहेंगी। बताया गया कि 12 फरवरी को बांग्लादेश में हुए चुनावों के मद्देनजर 15 जनवरी से 15 फरवरी तक टूरिस्ट वीजा सेवाएं निलंबित करने का निर्देश दिया गया था। उस अवधि में अर्जेंट मामलों में ही वीजा जारी किए जा रहे थे। सुरक्षा कारणों से भूटान और नेपाल के लिए भी सेवाएं अस्थायी रूप से रोकी गई थीं। रिश्तों में सुधार का संकेत विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम भारत और बांग्लादेश के बीच सामान्य कूटनीतिक और जन-से-जन संपर्क को मजबूत करने की दिशा में सकारात्मक संकेत है। पर्यटन, व्यापार और पारिवारिक यात्राओं पर इसका सीधा असर पड़ेगा। हिदायत/ईएमएस 22फरवरी26