राष्ट्रीय
22-Feb-2026


अहमदाबाद (ईएमएस)| अरब सागर में घुसपैठ और तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए भारतीय तटरक्षक बल ने एक विशेष अभियान के दौरान विदेशी ब्रांड की सिगरेट से भरी संदिग्ध नाव को पकड़ा है। इस कार्रवाई में 4 ईरानी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवभूमि द्वारका से करीब 115 किलोमीटर दूर भारतीय समुद्री सीमा के फॉरवर्ड एरिया में नियमित गश्त के दौरान तटरक्षक बल की टीम को एक संदिग्ध नाव दिखाई दी। शक होने पर जब नाव को रोका गया और तलाशी ली गई तो पता चला कि अल मुख्तार नाम की यह नाव विदेशी सामान की तस्करी में लिप्त थी। जांच के दौरान नाव से विदेशी ब्रांड की सिगरेट के करीब 200 बड़े कार्टन बरामद किए गए। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की अनुमानित कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान नाव पर सवार 4 ईरानी नागरिकों को हिरासत में लिया गया। उनके पास से प्रतिबंधित थुराया सैटेलाइट फोन और 8 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए सभी ईरानी नागरिकों और जब्त नाव को आगे की जांच के लिए पोरबंदर जेट्टी लाया गया है। सुरक्षा एजेंसियां अब इस तस्करी के पीछे सक्रिय बड़े नेटवर्क की जांच में जुट गई हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि सिगरेट की यह खेप गुजरात या किसी अन्य राज्य के तट पर उतारने की योजना थी। सतीश/22 फरवरी