अंतर्राष्ट्रीय
22-Feb-2026


शॉटगन और फ्यूल कैन लेकर कर रहा थाअंदर घुसने की कोशिश वॉशिंगटन डीसी (ईएमएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के मार-ए-लागो रिसॉर्ट में घुसने की कोशिश करने वाले एक युवक को सुरक्षाकर्मियों ने गोली मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई है। घटना स्थानीय समयानुसार रविवार आधी रात 1:30 बजे हुई। राष्ट्रपति की सुरक्षा करने वाली एजेंसी सीक्रेट सर्विस ने बयान में बताया कि युवक गैरकानूनी तरीके से सुरक्षित इलाके में घुसने की कोशिश कर रहा था। वह अपने साथ शॉटगन और फ्यूल कैन लेकर आया था। मारे गए युवक की उम्र 20 साल थी, वह नॉर्थ कैरोलीना का रहने वाला था। फिलहाल उसकी पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। मामले की जांच जारी है। घटना के वक्त राष्ट्रपति ट्रम्प वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस में मौजूद थे। आमतौर पर वह वीकेंड पर मार-ए-लागो में समय बिताते हैं। कार की आड़ में अंदर घुसने की कोशिश की सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि रिसॉर्ट के नॉर्थ गेट से एक कार के बाहर निकल रही थी, इसी दौरान युवक ने अंदर घुसने की कोशिश की। उसके पास शॉटगन और फ्यूल कैन था। सीक्रेट सर्विस के दो एजेंट्स ने उसे रोका और उससे हथियार और कैन गिराने को कहा गया। युवक ने कैन तो रख दिया, लेकिन शॉटगन को गोली चलाने की पॉजीशन में उठा लिया। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने गोली चलाई और वह मारा गया। जांच में पता चला कि उसके परिवार ने कुछ दिन पहले उसे लापता होने की रिपोर्ट की थी। वह नॉर्थ कैरोलीना से साउथ की ओर आया था और रास्ते में शॉटगन खरीदा। उसकी कार में गन का डिब्बा मिला है। कोई एजेंट या कर्मचारी घायल नहीं हुआ सीक्रेट सर्विस के एजेंटों और पीबीएसओ के डिप्टी ने व्यक्ति का सामना करते हुए गोली चलाई। इस घटना में कोई एजेंट या पीबीएसओ कर्मचारी घायल नहीं हुआ। तीन एजेंसियां कर रहीं घटना की जांच घटना के समय ऐसा कोई भी व्यक्ति वहां मौजूद नहीं था, जिसे सीक्रेट सर्विस सुरक्षा प्रदान कर रही हो। एफबीआई, यूएस सीक्रेट सर्विस और पीबीएसओ इस घटना की जांच कर रहे हैं, जिसमें व्यक्ति की पृष्ठभूमि, उसकी गतिविधियां, संभावित उद्देश्य और बल के इस्तेमाल की समीक्षा शामिल है। एजेंसी की नीति के अनुसार, शामिल सीक्रेट सर्विस एजेंटों को जांच के नतीजे तक प्रशासनिक छुट्टी पर रखा जाएगा। ट्रम्प के रिसोर्ट में एंट्री के लिए मेंबरशिप जरूरी ट्रम्प के रिसॉर्ट में बिना कार्ड यहां एंट्री नहीं होती है। इसकी लाइफटाइम मेंबरशिप फीस 8.50 करोड़ रुपए है। पैसा होने पर भी सभी को मेंबरशिप नहीं मिलती है। इसके लिए पहले उसकी हिस्ट्री चेक होती है। मसलन बैंक अकाउंट डिटेल, सोशल स्टेट्स और फैमिली बैकग्राउंड। न्यूज एजेंसी एएफपी के अनुसार हर साल बड़ी संख्या में दुनिया भर के अमीर लोग इसके लिए अप्लाई करते हैं, लेकिन कुछ को ही मेंबरशिप मिलती है। आशीष पाराशर/ईएमएस/22/02/2026