सैन फ्रांसिस्को (ईएमएस)। व्हाट्सएप ने अपने यूजर्स के लिए नया फीचर ग्रुप मैंसेज हिस्ट्री रोलआउट किया है। यह खास तौर पर उन ग्रुप्स के लिए फायदेमंद है, जहां नए मेंबर्स अक्सर जोड़े जाते हैं और उन्हें पहले की बातचीत समझने में दिक्कत होती है। अब तक जब कोई नया मेंबर ग्रुप में आता था, तब वह केवल अपने जुड़ने के बाद भेजे गए मैसेज ही देख पाता था। इससे ग्रुप की बातचीत का फ्लो टूट जाता था और पुराने मैसेज मैन्युअली फॉरवर्ड करने पड़ते थे। इस नए फीचर की मदद से नए मेंबर उन मैसेजेस को भी देख सकते हैं, जो उनके आने से पहले भेजे गए थे, जिससे ग्रुप ऑनबोर्डिंग आसान होगी और बार-बार “क्या चल रहा है?” पूछने की जरूरत नहीं पड़ेगी। ग्रुप एडमिन तय कर सकते हैं कि नए मेंबर के साथ पुरानी चैट हिस्ट्री शेयर करनी है या नहीं। इसके अलावा, वे यह भी चुन सकते हैं कि कितने मैसेज शेयर करे। शुरुआत के लिए करीब 25 मैसेज का विकल्प है। यह सेटिंग्स प्रोफेशनल, कम्युनिटी या पर्सनल ग्रुप्स की जरूरत के अनुसार कस्टमाइज की जा सकती हैं। मेटा के स्वामित्व वाला व्हाट्सएप इस फीचर को एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड बता रहा है। मतलब, नए मेंबर के साथ साझा किए गए मैसेज केवल ग्रुप के अंदर ही रहेगा और किसी बाहरी यूजर को नहीं दिखेगा। कंपनी ने साफ किया है कि इससे उसके एन्क्रिप्शन सिस्टम में कोई बदलाव नहीं आया। जब भी किसी नए मेंबर के साथ पुरानी मैसेज हिस्ट्री शेयर की जाएगी, ग्रुप के सभी मेंबर्स को नोटिफिकेशन मिलेगा। शेयर किए गए मैसेज में टाइमस्टैम्प और सेंडर की जानकारी भी दिखाई देगी। इसके अलावा, यह हिस्ट्री सामान्य चैट से अलग दिखेगी, ताकि यूजर्स को भ्रम न हो। फीचर का ग्लोबल रोलआउट शुरू हो चुका है और जल्द ही एंड्रॉयड व आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध होगा। यूजर्स को सलाह दी गई है कि वे अपना व्हाट्सएप अपडेट रखें ताकि नई सुविधा का लाभ उठा सकें। आशीष/ईएमएस 23 फरवरी 2026