इन्दौर (ईएमएस) विद्यार्थियों के लिए सेवा, करुणा और समर्पण के पथ पर प्रथम कदम के रूप में चोइथराम कॉलेज ऑफ नर्सिंग द्वारा बीएससी नर्सिंग बैच 2025-26 के विद्यार्थियों के लिए दीप प्रज्वलन एवं शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रमोला राव, पूर्व मैट्रन चोइथराम हॉस्पिटल एवं अनुसन्धान केंद्र रहीं। प्राचार्य प्रो. श्रीजा विजयन के मार्गदर्शन में आयोजित इस समारोह का शुभारंभ फ्लोरेंस नाइटिंगेल की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ तत्पश्चात स्वागत भाषण, वार्षिक प्रतिवेदन एवं छात्र-छात्राओं को उपलब्धि पर पुरस्कार प्रदान किए गए। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में नर्सिंग पेशे की गरिमा, सेवा भावना और नैतिक मूल्यों पर प्रकाश डाला। अंत में नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने दीप प्रज्वलित कर नर्सिंग सेवा की शपथ ली। इस अवसर पर राजेश अवस्थी निदेशक चोइथराम एजुकेशन सर्विस यूनिट तथा डॉ. सुनील चांदीवल निदेशक चिकित्सा सेवाएं, चोइथराम हॉस्पिटल विशेष रूप से उपस्थित रहे।