अजित पवार विमान हादसे की जांच को लेकर भतीजे रोहित पवार ने दी चुनौती मुंबई,(ईएमएस)। अजित पवार की विमान हादसे में हुई मौत को लेकर महाराष्ट्र की सियासत गरमाई हुई है। इस विमान हादसे की शुरुआती जांच रिपोर्ट इसी हफ्ते आ सकती है। हालांकि इस बीच एनसीपी चीफ के भतीजे और एनसीपी (एसपी) के विधायक रोहित पवार ने देवेंद्र फडणवीस सरकार को खुली चुनौती दी है। रोहित ने साफ शब्दों में कहा है कि अगर जांच रिपोर्ट में किसी भी तरह की गड़बड़ी पाई गई, तो वे इस मामले में ‘बड़ा खुलासा’ करेंगे। रोहित ने दावा किया कि उनके पास इस पूरे मामले से जुड़े कई अहम सबूत और दस्तावेज हैं। उन्होंने कहा कि अगर अजीत दादा के विमान हादसे की शुरुआती जांच में कुछ भी गड़बड़ी हुई तो हम बड़े-बड़े नेता, बिजनेसमैन और कई बड़े लोगों के नामों का इस मामले में खुलासा करेंगे। उन्होंने कहा कि अजित पवार के विमान हादसे की जांच पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए। हमारे पास बहुत से सबूत हैं। ब्लैक बॉक्स की तस्वीर भी मौजूद है और मुझे उसके नुकसान की गंभीरता का अंदाजा भी है। ऐसे में सरकार जल्दबाजी में रिपोर्ट जारी कर समय बर्बाद कर रही है। विधानसभा के बजट सत्र से पहले सदन के बाहर मीडिया से बात करते हुए रोहित पवार ने पायलट पर उठाए जा रहे सवालों पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि पायलट पर ही शक क्यों किया जा रहा है? जांच एजेंसियां क्या सभी सबूत ठीक से जुटा रही हैं? अजित दादा की दुर्घटना की निष्पक्ष और गहन जांच होनी चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में वे सीएम को पत्र लिखने वाले हैं, जिसमें जांच को समयबद्ध और निष्पक्ष बनाने की मांग की जाएगी। रोहित पवार ने विमान ऑपरेटर कंपनी वीएसआर पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसी किस तरह की जांच कर रही है, यह हम देखेंगे। वीएसआर के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है, यह भी सामने आएगा। कंपनी ने कई नियमों का उल्लंघन किया है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि अजित दादा हमेशा किसी भी कार्यक्रम में सबसे पहले पहुंचते थे और सबसे आखिर में जाते थे। जब भी मैं मीडिया से बात करता था, जाते-जाते मुझे ताना मारते थे। रोहित ने दोहराया कि उनके पास पर्याप्त सबूत और दस्तावेज हैं और जरूरत पड़ने पर वे सब कुछ जनता के सामने रखेंगे। बता दें अंतरराष्ट्रीय नियमों के मुताबिक किसी भी विमान हादसे की शुरुआती जांच रिपोर्ट एक महीने के अंदर सार्वजनिक की जाती है। 28 जनवरी को बारामती में हुए इस हादसे को लेकर अब सबकी नजरें आने वाली रिपोर्ट पर टिकी हैं। सिराज/ईएमएस 24फरवरी26 -----------------------------------