नई दिल्ली (ईएमएस)। नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के रूप में बीवीआर सुब्रह्मण्यम का तीन वर्षीय कार्यकाल पूरा होने के बाद मोदी सरकार ने निधि छिब्बर को यह अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। छिब्बर वर्तमान में नीति आयोग के विकास निगरानी एवं मूल्यांकन कार्यालय (डीएमईओ) की महानिदेशक हैं और केंद्र सरकार की विभिन्न प्रमुख योजनाओं की निगरानी तथा उनके प्रभाव के मूल्यांकन की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। निधि छिब्बर छत्तीसगढ़ कैडर की 1994 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। अपने प्रशासनिक करियर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। वे पूर्व में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं, जहां उन्होंने परीक्षा सुधारों और प्रशासनिक बदलावों का नेतृत्व किया। इतिहास में स्नातकोत्तर तथा विधि स्नातक (एलएलबी) की डिग्री धारक छिब्बर को हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं पर समान अधिकार प्राप्त है। पूर्व सीईओ बीवीआर सुब्रह्मण्यम छत्तीसगढ़ कैडर के 1987 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और तीन दशकों से अधिक का प्रशासनिक अनुभव रखते हैं। उन्होंने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और जम्मू-कश्मीर में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। वे विश्व बैंक में भी सेवाएं दे चुके हैं। केंद्र सरकार में उन्होंने वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय में सचिव और प्रधानमंत्री कार्यालय में अहम जिम्मेदारियां निभाईं। नीति आयोग, जो 1 जनवरी 2015 को स्थापित हुआ, योजना आयोग का स्थान लेकर सहकारी संघवाद को बढ़ावा देने वाला देश का प्रमुख नीतिगत संस्थान है। यह राज्यों की भागीदारी के साथ विकासोन्मुख नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। आशीष दुबे / 24 फरवरी 2026