मुंबई (ईएमएस)। बीते दो महीनों से सोशल मीडिया पर एक्ट्रेस गौतमी कपूर ने चुप्पी साध रखी है। अब उन्होंने सामने आकर इसका कारण बताया है। एक्ट्रेस के मुताबिक उन्हें लगातार अपमानजनक और भद्दे कमेंट्स का सामना करना पड़ रहा था, जिससे उनका मानसिक संतुलन प्रभावित होने लगा था। हर सुबह फोन खोलते ही उन्हें सबसे पहले नकारात्मक बातें पढ़ने को मिलती थीं, जिसने उन्हें थका दिया था। गौतमी ने बताया कि इस उम्र और जीवन के इस पड़ाव पर उन्हें किसी की पहचान या मान्यता की जरूरत नहीं है। वह अपने परिवार और करीबी दोस्तों के बीच ही खुश रहती हैं, लेकिन जब सोशल मीडिया पर उनके बारे में ही नहीं, बल्कि उनके प्रियजनों के बारे में भी गलत बातें लिखी जाने लगीं, तब उन्हें महसूस हुआ कि इससे दूरी ही बेहतर है। इंस्टाग्राम से दूरी बनाने के बाद उन्हें समय, शांति और मानसिक सुकून का एहसास हुआ। एक घटना याद करते हुए उन्होंने बताया कि एक दिन जब उन्होंने अपनी रील्स चेक कीं, तो सबसे ऊपर बेहद गंदा और आपत्तिजनक कमेंट दिखा। वह टिप्पणी इतनी खराब थी कि उनका पूरा दिन बिगड़ गया। तभी उन्होंने फैसला किया कि निजी जिंदगी को सोशल मीडिया से दूर रखना ही सही रहेगा। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अपने काम से जुड़ी कोई आवश्यकता होने पर वह दोबारा सोशल मीडिया पर सक्रिय होंगी। गौतमी ने आजकल के मनोरंजन उद्योग के बदलते रुझान पर भी बात की। उन्होंने कहा कि अब प्रोजेक्ट मिलने में इंस्टाग्राम फॉलोअर्स अहम भूमिका निभाने लगे हैं। जबकि उन्होंने हमेशा ऑर्गेनिक और स्वाभाविक तरीके से फॉलोअर्स बनाए हैं। उन्हें यह समझ नहीं आता कि किसी कलाकार की मेहनत, अनुभव और प्रतिभा को सोशल मीडिया फॉलोअर्स से क्यों तौला जा रहा है। काम की बात करें तो गौतमी कपूर कई टीवी शोज़ और फिल्मों में नज़र आ चुकी हैं। उन्हें आखिरी बार दे दे प्यार दे 2 में देखा गया था। सुदामा/ईएमएस 25 फरवरी 2026